बाराबंकी। एआरटीओ प्रवर्तन दल ने लोनीकटरा, हैदरगढ़ और असंद्रा में वाहन चेकिंग अभियान चलाया। यह अभियान शुरू होते ही वाहन चालकों में अफरातफरी मच गई। तमाम चालकों ने चेकिंग स्थल से काफी दूर वाहनों को खड़ा कर दिया। प्रवर्तन दल ने सघन तरीके से वाहनों की चेकिंग की, जो भी वाहन अवैध तरीके से संचालित होता मिला उसे सीज कर दिया। जिनके पेपर अधूरे थे या यातायात नियम का पालन नहीं कर रहे थे ऐसे 47 वाहनों के चालान काटे गये।
एआरटीओ प्रवर्तन राहुल श्रीवास्तव के नेतृत्व में प्रवर्तन दल ने बृहस्पतिवार को लोनीकटरा, हैदरगढ़ और असंद्रा में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सघन अभियान चलाया। इस अभियान के चलने से वाहन चालकों में अफरातफरी मची रही। वाहन चालक कार्रवाई से बचने के लिए अपने वाहनों को सड़क किनारे दूर खड़ाकर वहां से सरक लिए।
चेकिंग अभियान में टीम ने मौरंग ले जा रहे ओवरलोड तीन ट्रकों को सीज कर दिया। इसके साथ ही 32 लोगों के चालान काटे। अधिकांश चालान सीट बेल्ट न लगाने एवं हेलमेट न पहनने वालों के हुए। पीटीओ उमाशंकर ने 15 वाहन के चालान किए। एआरटीओ प्रवर्तन राहुल श्रीवास्तव ने बताया कि ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान आगे भी चलता रहेगा।
बिना फिटनेस पकड़ी गई एंबुलेंस
बाराबंकी में पंजीकृत एक एंबुलेंस उन्नाव में पकड़ी गई। जिला उन्नाव के एआरटीओ अरविंद कुमार सिंह बृहस्पतिवार को मुख्य मार्ग पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान बाराबंकी जिले में पंजीकृत एक एंबुलेंस यूपी-41 जी 3350 को रोक कर प्रपत्रों की जांच की। जांच में फिटनेस प्रमाण पत्र नहीं पाया गया। इस पर एआरटीओ ने एंबुलेंस सीज कर दी।