महादेवा (बाराबंकी)। लखनऊ से सराय जा रही मालगाड़ी के पीछे जुड़े गार्ड के कोच समेत नौ वैगन का ज्वाइंट हुक बिंदौरा-बुढ़वल रेलवे स्टेशन के बीच टूट गया। यह घटना मंगलवार की सुबह करीब सवा दस बजे हुई। इस दौरान रेलवे ट्रैक पर रेल यातायात ठप हो गया। इससे कई ट्रेनें भी बाधित हुईं और यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
लखनऊ-गोंडा रेलवे ट्रैक पर मंगलवार सुबह 10:20 बजे एक मालगाड़ी गुजर रही थी। इस बीच बिंदौरा-बुढ़वल जक्शन के बीच सिग्नल संख्या 720116 पर ट्रेन के नौ वैगन ज्वाइंट टूटने से पीछे छूट गए। इंजन पायलट की सूचना पर मालगाड़ी के गार्ड ने घटना की सूचना बुढ़वल रेलवे स्टेशन के अधीक्षक व रेलवे मंडल मुख्यालय को दी।
इसके बाद रेलवे ट्रैक पर पास होने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों को स्टेशन पर ही रोक दिया गया। इधर, करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद ज्वाइंट हुक की मरम्मत कर छूटे वैगन को इंजन से जोड़कर रवाना किया गया। गोरखपुर रेलवे मंडल ने इस घटना की जांच के आदेश देकर रिपोर्ट तलब की है।
आरपीएफ इंस्पेक्टर आलोक कुमार ने बताया कि वैगन के ज्चाइंट हुक टूट जाने से यातायात बाधित रहा। करीब डेढ़ घंटे के बाद यातायात सुचारु रूप से बहाल हो सका।
कई ट्रेनें हुई लेट
गोरखपुर रूट पर मालगाड़ी के नौ वैगन अलग होने से एक लाइन पर यातायात प्रभावित हो गया। इसके चलते बाराबंकी व बुढ़वल रेलवे स्टेशन पर इस मार्ग से निकलने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों को रोक दिया गया। भीषण गर्मी में करीब डेढ़ घंटे तक ट्रेन रुकने के चलते यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
हालांकि गनीमत रही कि ट्रेन यात्री वाली नहीं थी नहीं तो बड़ा हादसा सामने आ सकता था। बाराबंकी रेलवे स्टेशन के अधीक्षक पीयूष वर्मा ने बताया कि इससे कोई खास असर नहीं पड़ा है।