बाराबंकी। जिले में कोरोना के मामले फिर से बढ़ने लगे हैं। मंगलवार की शाम आई जांच रिपोर्ट में तीन और संक्रमित पाए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद तीनों संक्रमितों को होम आइसोलेट करा दिया गया है तथा चिकित्सकों की टीम को इन पर नजर रखने के आदेश दिए गए हैं। इस तरह से जिले में एक्टिव केसों की संख्या भी बढ़ने लगी है और यह चार तक पहुंच गई है।
पिछले 25 दिनों से जिले में एक भी कोरोना का संक्रमित नहीं मिल रहा था। मगर सोमवार को हुई जांच में एक व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाया गया। इसके बाद से विभाग पूरी तरह से सतर्क हो गया है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, मंगलवार को जिले में 1223 लोगों की कोरोना की जांच कराई गई। इनमें से फतेहपुर क्षेत्र में दो और शहरी क्षेत्र में एक लोग कोरोना संक्रमित पाए गए।
जांच रिपोर्ट आने के बाद तीनों को होम आइसोलेट कराते हुए चिकित्सकों की टीम को इन पर नजर रखने के आदेश दिए गए हैं। इस तरह से जिले में एक्टिव केसों की संख्या बढ़ने लगी है और तीन दिनों के अंदर चार तक पहुंच गई है। इससे विभाग की चिंताएं और ज्यादा बढ़ने लगी हैं।
इस बाबत सीएमओ डॉ. रामजी वर्मा का कहना है कि लखनऊ में कोरोना के केस तेजी से बढ़ रहे हैं। इसे देखते हुए विभाग पूरी तरह से सतर्क है। मंगलवार को जिले में तीन और संक्रमित पाए गए हैं जिन्हें होम आइसोलेट कराते हुए चिकित्सकों की टीम को इन पर नजर रखने के आदेश दिए गए हैं। इसके साथ ही सभी सीएचसी अधीक्षकों को पूरी तरह से अलर्ट कर दिया गया है।