बाराबंकी। आंध्र प्रदेश से खरीदकर लग्जरी कार से गांजा तस्करी करने वाले दो आरोपियों को एनसीबी व हैदरगढ़ पुलिस टीम ने धर दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों के पास से डेढ़ क्विंटल गांजा बरामद हुआ है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
प्रभारी एसपी आरएस गौतम ने बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में पत्रकारों से वार्ता के दौरान बताया कि हैदरगढ़ कोतवाल धर्मेंद्र सिंह रघुवंशी की टीम व एनसीबी (नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो) की संयुक्त कार्रवाई में पकड़े गए सत्यम पांडेय निवासी पूरे गिरवर सिंह का पुरवा मजरे बारा थाना हैदरगढ़ व शिवम सिंह निवासी सोनिकपुर मजरे त्रिवेदीगंज थाना लोनीकटरा को एक स्कोडा कार व डेढ़ क्विंटल गांजा समेत बछरावा मार्ग से मंगलवार रात को पकड़ा गया है।
पुलिस ने जब कार की डिग्गी खुलवायी तो प्लास्टिक की चार बोरियां मिलीं जिनमें पत्तीनुमा पदार्थ भरा था। इसके बारे में पूछने पर इन दोनों ने बोरियों में गांजा होना बताया। दोनों की सहमति से नियमानुसार कार की तलाशी ली गयी तो चारों बोरियों से 70 पैकेटों में भरा डेढ़ क्विंटल गांजा बरामद हुआ। आरोपी सत्यम पांडेय ने बताया कि यह कार उत्तराखंड की है जिसका उसके नाम से एग्रीमेंट है। पुलिस इस संबंध में भी जांच कर रही है।
आरोपियों ने बताया कि उन्होंने चारबाग लखनऊ जाकर आकाश वर्मा को अपनी गाड़ी दी थी। आकाश वर्मा उसी गाड़ी से आंध्र प्रदेश से माल लाया था। उससे माल लेकर प्रयागराज-रायबरेली होते हुए हैदरगढ़ आ रहे थे कि पुलिस ने पकड़ लिया। आरोपियों ने यह भी बताया कि सत्यम की बहन बुद्ध विहार कॉलोनी दिल्ली में रहती है जहां उनका आना जाना है।
वहीं पर दो सगे भाइयों जितिन पकंज व बलराम पंकज से मुलाकात हुई जो यह माल बेचते हैं और इनसे कैरियर का काम लेते है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर बुधवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया जहां से दोनों जेल भेज दिये गए।