बाराबंकी। व्यापारी को अगवा कर उससे तीन लाख रुपये वसूली के मामले में जांच अब तेज होने लगी है। बुधवार को पीड़ित व्यापारी ने प्रभारी एसपी आरएस गौतम से मिल कर उन्हें प्रार्थना पत्र देकर दोषी सिपाहियों के खिलाफ केस दर्ज करने के साथ ही सुरक्षा की मांग की। जिस पर प्रभारी एसपी ने व्यापारी को दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
मसौली थाना क्षेत्र के भूलीगंज निवासी व्यापारी राहुल सिंह को बीते 16 अक्तूबर को अगवा कर चार सिपाही आशीष तिवारी, जमाल अशरफ, नीलेश व अमित ने सफदरगंज चौराहे पर अगवा कर कार से ले जाकर कोठी एसओ शैलेश यादव के सामने तीन लाख रुपये वसूल किए थे। इसके बाद जब नेताओं का दबाव बढ़ा तो पुलिस ने यह तीन लाख रुपये वापस किए।
वहीं एसपी ने चारों सिपाहियों को निलंबित कर मामले की जांच सीओ रामसनेहीघाट पंकज सिंह को सौंपी है। पीड़ित व्यापारी ने आरोप लगाया है कि उसे सिपाही जान से मारने की धमकी दे रहे है। आरोप है कि कोठी एसओ भी उसे फर्जी मुकदमे में फंसाने की तैयारी में लगे है। बुधवार को व्यापारी ने प्रभारी एसपी आरएस गौतम को प्रार्थना पत्र देकर दोषी सिपाहियों के खिलाफ केस दर्ज करने व खुद की सुरक्षा की मांग की है।
प्रभारी एसपी ने व्यापारी को आश्वासन देते हुए कहा कि जो भी दोषी है उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। और व्यापारी को उसकी सुरक्षा का भी भरोसा दिलाया है।