बाराबंकी। दूध डेयरी से वापस घर लौट रहे मां-बेटे को तेेज रफ्तार बस ने रौंद दिया। इस हादसे में दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हादसा बृहस्पतिवार की सुबह सफदरगंज थाना क्षेत्र में एक नर्सिंग कॉलेज के पास अयोध्या-लखनऊ हाईवे पर हुआ। थाना क्षेत्र के रसौली निवासी पिंटू योगेश उर्फ पिंटू यादव (38) का दूध का कारोबार है। घर से कुछ दूरी पर हाईवे के दूसरी ओर उसकी डेयरी का संचालन होता है। सुबह योगेश अपनी मां मिथिला देवी (65) के साथ डेेयरी में मवेशियों को चारा-पानी देने और दूध दुहने के लिए गया था।
जहां पर काम निपटाने के बाद मां-बेटे दोनों घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान अयोध्या की ओर से आ रही तेज रफ्तार निजी बस ने बाइक सवार मां-बेटे दोनों को रौंद दिया। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। उन लोगों ने दोनों को जिला अस्पताल भेजवाया।
जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। जबकि प्राथमिक उपचार के दौरान घायल मिथिला ने भी दम तोड़ दिया। मां-बेटे की मौत की खबर पहुंचते ही घर में कोहराम मच गया। एसओ सफदरगंज अभिषेक तिवारी ने बताया कि सुबह हादसे की सूचना पर पुलिस टीम गई थी। (संवाद)