बाराबंकी। तीन अलग-अलग थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस के साथ मुठभेड़ में घायल तीनों बदमाशों से हुई पूछताछ के बाद पुलिस आठ घटनाओं के खुलासे का दावा कर रही है। पुलिस ने बदमाशों के दो अन्य साथियों को भी पकड़ लिया है। पांचों बदमाशों को बृहस्पतिवार को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार शहर कोतवाली क्षेत्र में मुठभेड़ में घायल हुए लखनऊ के चिनहट थाना क्षेत्र के नंदपुर कस्बा निवासी विजय रावत पर 13 मुकदमे हैं। वह चिनहट थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उसने बाराबंकी में सरथरा रेलवे क्रॉसिंग के पास एक महिला से लूटपाट की थी। जहांगीराबाद में एक व्यक्ति से मोबाइल भी छीना था। मुठभेड़ में घायल बदमाश विजय रावत के दो साथी मौके से फरार हो गए थे। विजय ने पूछताछ में बताया कि इसमें से एक मोहित शर्मा चिनहट और दूसरा बाराबंकी के फतेहपुर थाना क्षेत्र के नानकुई गांव निवासी सुरेंद्र है।
वहीं, बड्डूपुर थाना क्षेत्र में मुठभेड़ में घायल हुए धधरा गांव निवासी बदमाश तहफीम के पास से पुलिस ने लूट के जेवरात और 4700 रुपए व तमंचा भी बरामद किया। तहफीम ने 25 जनवरी को बड़ागांव ग्राम पंचायत में एक बुजुर्ग दंपत्ती को साथियों के साथ बंधक बनाकर लूटपाट भी की थी। जबकि जैदपुर और सतरिख पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा नानमऊ के पास मुठभेड़ में घायल बदोसराय थाना क्षेत्र के बरौलिया गांव निवासी बदमाश अमित वर्मा अनाज के गोदामों में चोरी करने वाले गिरोह का सरगना निकला।
वह बुधवार को अपने साथी सतरिख थाना क्षेत्र के गाढ़ामऊ निवासी कृष्ण कुमार वर्मा और देवा कोतवाली क्षेत्र के निवासी अफजल के साथ 40 बोरी धान चोरी करके लौट रहा था। इसी दौरान पुलिस से उसकी मुठभेड़ हो गई। पकड़े गए अपराधियों ने सतरिख, जैदपुर सफदरगंज और फतेहपुर में अनाज के गोदाम में चोरी की चार घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूली है।