बाराबंकी। बिना नोटिस सेवाओं से बर्खास्त किए जाने से नाराज बिजली विभाग के संविदा कर्मियों का बीते चार दिनों से चल रहा धरना प्रदर्शन बृहस्पतिवार को छंटनी का फैसला वापस होने के बाद खत्म हो गया। बृहस्पतिवार को दोपहर बाद तक चले धरना प्रदर्शन के बाद शाम को नौकरी से हटाए गए संविदा कर्मियों की बहाल किए जाने की सूचना मिलने से प्रदर्शनकारियों के चेहरे पर खुशी छा गई। इसके बाद बीते चार दिनों से चल रहा धरना प्रदर्शन भी शाम को समाप्त हो गया।
जिले में कुल 1050 संविदा कर्मचारी लाइनमैन के पद पर कार्यरत थे। बीते सोमवार को विभाग ने इनमें से सिर्फ 670 कर्मचारियों को ही संविदा के तहत नौकरी में बनाए रखने का फैसला करते हुए 346 संविदा कर्मियों को नौकरी से बर्खास्त कर दिया था। इसके बाद बिजली विभाग के नाराज संविदा कर्मियों ने काम काज ठप कर संविदा कर्मियों की बहाली को लेकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया था। कई अन्य कर्मचारी संगठनों के भी मांगों के समर्थन में उतर आने से आंदोलन जोर पकड़ गया था।
बृहस्पतिवार को दिन भर चले धरना प्रदर्शन के बाद शाम को उत्तर प्रदेश बिजली मजदूर संगठन के प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष केके सिंह ने बताया कि निदेशक विकास चंद्र अग्रवाल ने एक पत्र जारी कर सेवा से हटाए गए संविदा कर्मियों के बहाल होने की सूचना दी है। कर्मचारियों की बहाली की खबर से प्रदर्शनकारियों में खुशी छा गई। संगठन से जुड़ पदाधिकारियों ने बताया कि धरना प्रदर्शन खत्म हो जाने के बाद अब नौकरी से हटाए गए संविदाकर्मी भी पहले की तरह ही कार्य करेंगे।