सफेदाबाद (बाराबंकी)। बाराबंकी से लखनऊ की तरफ जा रही बरौनी-जबलपुर एक्सप्रेस की एक बोगी का ब्रेक अचानक जाम हो गया। इस कारण यह ट्रेन सफेदाबाद रेलवे स्टेशन पर करीब आधा घंटा खड़ी रही। यह वाकया शुक्रवार शाम का है।
बरौनी-जबलपुर एक्सप्रेस जो लखनऊ की तरफ जा रही थी। इस दौरान सफेदाबाद के पास उसके इंजन से सटी हुई बोगी से तेज धुआं निकलने लगा। इसको देख ट्रेन पायलट ने सफेदाबाद स्टेशन पर गाड़ी रोक दी। जाम पहिया पटरियों पर रगड़ने के कारण चिंगारी छोड़ने लगा था। यात्रियों को लगा कि इंजन में आग लग गयी।
इससे ट्रेन में अफरातफरी मच गई और अधिकांश यात्री ट्रेन से नीचे उतर आए। इस दौरान जब चालक दल ने ट्रेन का निरीक्षण किया तो पाया कि इंजन के पास बोगी की ब्रेक जाम हो गई। रेलवे स्टेशन से तुरंत अग्निशमन यंत्र मंगाकर इस पर काबू पाया गया। इसके बाद ब्रेक की पिन हटाकर उसे सही किया। इस दौरान करीब आधा घंटा बाद ही ट्रेन रवाना हुई। संवाद