रामनगर। 26 दिन से लापता 18 वर्षीय युवती का कंकाल बृहस्पतिवार शाम प्राइमरी स्कूल के पास धान के खेत में मिला था। मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। चेहरा पूरी तरह विकृत होने के कारण कंकाल की पहचान करना मुश्किल हो रहा है। पुलिस युवती से जुड़े हर पहलू की गहनता से पड़ताल कर रही है। इसके लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला की मदद ली जा रही है।
मौके पर मिले लोअर, अन्य कपड़ों और चप्पलों को देखकर एक पिता ने दावा किया है कि कंकाल उसकी बेटी का है। युवती 16 अक्तूबर को 15 हजार रुपये और सोने के जेवर लेकर घर से बिना बताए निकली थी। पुलिस परिजनों के मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल भी खंगाल रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं, सर्विलांस और क्राइम ब्रांच की टीमें सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं।
सीओ गरिमा पंत ने बताया कि नर कंकाल का डीएनए टेस्ट कराया जा रहा है। इसके सैंपल विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजे गए हैं। डीएनए रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।