बाराबंकी। जिले में अलग-अलग जगहों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं ने कोहराम मचा दिया। हादसे में जहां महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई वहीं दो लोग गंभीर रुप से घायल हुए हैं। पुलिस ने तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया है।
पहली दुर्घटना घुंघटेर थाना क्षेत्र में हुई। क्षेत्र के ढकौली गांव निवासी मनीराम (40) बुधवार को अपनी बड़ी बहन रामरती (50) व छोटे चचेरे भाई सुरेश (35) के साथ बाइक से गणेश नगर अटरिया थाना सीतापुर जा रहे थे। गड़िया बाजार के निकट इंटरलॉकिंग लादकर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि मनीराम व सुरेश गंभीर रूप से घायल हो गए। थाना प्रभारी अमर कुमार चौरसिया ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लिया गया है।
दूसरा हादसा फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र में हुआ। ग्राम देवकलिया मजरे देवखेरिया निवासी श्यामलाल (62) मंगलवार को मजदूरी का काम खत्म करके फतेहपुर से घर जा रहा था। फतेहपुर-रामनगर मार्ग पर स्थित देवखेरिया मोड़ के पास तेज रफ्तार बाइक सवार ने ठोकर मार दी। गंभीर रूप से घायल श्यामलाल को सीएचसी लाया गया। वहां पर चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
तीसरी सड़क दुर्घटना हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र में नईसड़क मार्ग पर हुई। बुधवार की भोर अलीगढ़ के थाना बन्नादेवी के एलनपुर निवासी आलोक सिंह (46) ट्रक पर टाइल्स लादकर टांडा जा रहा था। हैदरगढ़ थाना क्षेत्र में नईसड़क मार्ग पर नैपुरा गांव के पास एक दूसरे ट्रक ने साइड से टक्कर मार दी। इस हादसे में आलोक गंभीर रुप से घायल हो गया। खलासी रंजीत कुछ कर पाता इससे पहले टक्कर मारने वाला ट्रक भाग गया। आलोक को सीएचसी हैदरगढ़ ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।