बाराबंकी। शहर में एक अधिवक्ता के घर पहुंचे चोर नकदी समेत लाखों कीमत के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। वहीं कोठी इलाके में एक दुकान से हजारों का माल पार कर दिया। दोनों मामलों की जानकारी के बाद पुलिस ने घटना की जांच कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। दोनों में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के सत्यप्रेमी नगर स्थित अफीम कोठी के पीछे रहने वाले अधिवक्ता विजय कुमार श्रीवास्तव बुधवार रात घर पर ताला लगाकर अपने पुराने मकान पीरबटावन मोहल्ले में गए थे। इसके बाद बृहस्पतिवार सुबह जब वह घर पहुंचे तो उन्हें अपने घर का ताला टूटा मिला। घर में प्रवेश करते ही कमरे का सामान अस्तव्यस्त मिला।
बक्से व अलमारी के ताले टूटे मिले। पीड़ित ने बताया कि चोर सवा लाख की नकदी व लाखों के जेवरात चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी पर फिंगर प्रिंट, डॉग स्क्वायड टीम के साथ पुलिस ने पहुंचकर जांच की। एएसपी आरएस गौतम, अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक महेंद्र प्रताप सिंह, चौकी प्रभारी अमित मिश्रा ने मौके पर जाकर पूरे मामले की जांच की लेकिन चोरों का पता नहीं लग सका। एएसपी ने बताया कि पुलिस टीम चोरों की तलाश में लगा हुई है।
वहीं कोठी थाना क्षेत्र के सेमरावा चौराहे पर स्थित मेंथा ऑयल व्यापारी विपिन गुप्ता के घर के बाहर बनी दुकान का शटर तोड़कर बुधवार रात चोर अंदर घुसे और लगभग दो लाख का मेंथा आयल उठा ले गए। बृहस्पतिवार सुबह जब व्यापारी को इस बारे में पता लगा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने जांच की है। थानाध्यक्ष रितेश पांडेय ने बताया कि पुलिस आरोपियों के बारे में पता लगाने का प्रयास कर रही है।