बाराबंकी। स्वतंत्रता दिवस की 75 वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में नेहरू युवा केंद्र की ओर से शनिवार को आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत 8.3 किमी. की जिला स्तरीय स्वतंत्रता युवा दौड़ का आयोजन किया गया। शहर के केडी सिंह बाबू स्टेडियम से सुबह सात बजे एडीएम संदीप गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर इसकी शुरुआत की।
दौड़ में विकास खंडों से आये प्रतिभागी युवाओं सहित एनएसएस, एनसीसी और जीआईसी की छात्राओं सहित लगभग 200 युवाओं ने प्रतिभाग किया। दौड़ में प्रतिभागी राष्ट्रीय ध्वज लेकर पूरे जोश के साथ शामिल हुए। देशभक्ति गीतों को गाकर एक अलग माहौल बनाया गया। दौड़ नाका सतरिख, बड़ेल, दरामनगर होते हुए सतरिख रोड टीआरसी लॉ कॉलेज परिसर पहुंची।
जहां जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत ने कार्यक्रम का समापन किया। उन्होंने युवाओं को अपनी ऊर्जा का उपयोग देश की उन्नति व विकास में लगाने की बात कही। सीडीओ एकता सिंह कहा कि लंबी गुलामी और बलिदान के बाद मिली देश की आजादी की हमें रक्षा करनी है।
कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार की आश्रित रमाकांती देवी को अंगवस्त्र पहनाकर व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। जिला स्काउट मास्टर राजेंद्र त्रिपाठी ने युवाओं को शपथ दिलाई। मौके पर जिला युवा अधिकारी प्रियंका सिंह, अश्वनी कुमार, प्रदीप सारंग, सुजीत चतुर्वेदी, डॉ. रंजन मिश्रा, अनन्या अग्रवाल आदि मौजूद रहे।