जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एक युवक की ट्रेन से कटकर वहीं एक महिला की सड़क हादसे में मौत हो गई। सफदरगंज थानाक्षेत्र में ट्रेन से कटकर मरने वाले युवक के शव को पोस्टमार्टम करवाए बिना ही परिवारीजनों द्वारा अंतिम संस्कार करवा दिया गया है। वहीं कुर्सी थानाक्षेत्र में एक टैंपो व पिकप की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई है।
थाना सफरगंज क्षेत्र के बजहा गांव के रहने वाले अफसर अली(28) पुत्र युसुफ की रविवार की सुबह गांव के बाहर ही किसी ट्रेेन की चपेट में आने से मौत हो गई। आसपास के ग्रामीणों ने इस बारे में पुलिस व मृतक के परिवारीजनों को सूचना दी। पुलिस ने जांच पड़ताल की लेकिन परिवारीजनों ने शव का पोस्टमार्टम करवाने से मना करते हुए अंतिम संस्कार करवा दिया।
एसओ जैनुद्दीन अंसारी का कहना है कि युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त था जिसके चलते उसने ट्रेन के आगे आकर आत्महत्या कर ली है। कहा कि परिवारीजनों ने पीएम न कराने की बात कही जिस पर पुलिस ने शव उन्हें सौंप दिया था।
वहीं दूसरा हादसा कुर्सी थानाक्षेत्र में हुआ। जहां रविवार की दोपहर मोहसंड गांव के पास एक पिकप व टैंपो में भिड़ंत हो गई। इस हादसे में टैंपो सवार निर्मला(45) पत्नी कीढे़ निवासी ग्राम टेड़वानानसाड़ी थाना बड्डूपुर की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं टैंपो सवार करीब आधा दर्जन यात्री मामूली चोटिल हुए जो बिना इलाज कराए ही अपने-अपने घर चले गए। पुलिस ने हादसा करने वाली पिकप को कब्जे में लिया है जबकि उसका चालक फरार हो गया है। मृत महिला के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।