बीते कई दिनों से बारिश की बाट जोह रहे लोगों को शनिवार दिन व रात में हुई बरसात से राहत मिली। किसानों के चेहरे खिल उठे। रविवार सुबह से ही आसमान में बदरा छाए रहे और दिनभर बूंदाबांदी हुई। आसमान में छाए बादलों से लोगों को गर्मी से राहत मिली। कई मोहल्लों में जलभराव की स्थिति बनी रही।
रविवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और करीब-करीब दिनभर बूंदाबांदी होती रही। शनिवार की रात झमाझम बारिश होने से किसानों के चेहरे खिल उठे। रविवार को अधिकतर किसान रोपाई में जुटे रहे। बारिश के कारण जलभराव ने सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी है।
मोहल्लों व कस्बों में नालियां जाम होने से बारिश का पानी सड़क पर भर गया। बारिश की वजह से कहीं-कहीं बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई। बारिश के कारण मिनी डायट बड़ेल परिसर में पानी भर गया। इसके अलावा लखपेड़ाबाग, जलालपुर, लक्ष्मणपुरी, दयानंद नगर, दीन दयाल नगर सहित कई मोहल्लों सड़काें में पानी भर गया।
सुढ़ियामऊ क्षेत्र के गांव अल्लापुर रानीमऊ में रास्ते में पानी भरा रहा। जलभराव के कारण लोगों कोे आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ा। रविवार सुबह से ही हो रही बूंदाबादी के बीच बच्चों ने खूब मस्ती की।
एकत्र हुए पानी में बच्चे कागज की नाव चलाकर खूब लुफ्त उठाया। दिनभर हुई बूंदाबादी का सभी ने भरपूर आनंद लिया। लोगों ने उमस व गर्मी से राहत महसूस की। बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 25.0 डिग्री सेल्सियस व आर्र्दता अधिकतम 98 फीसद दर्ज की गई।