कोठी (बाराबंकी)। संदिग्ध हालात में एक किशोरी का शव झोपड़ी के अंदर रविवार की सुबह मिला। देर शाम इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवारीजनों ने हत्या का आरोप लगाया है।
मामला असंद्रा थाना क्षेत्र के गढ़ी बिठौली गांव का है। गांव निवासी मंजू वनराजा (16) रविवार को देर तक सोकर नहीं उठी। छोटी बहन गायत्री उसे जगाने गई तो मंजू अचेत अवस्था में मिली। गायत्री के चिल्लाने पर उसकी मां व चाचा रामकिशोर पहुंच गए। मंजू को देखकर उन्होंने अनहोनी की आशंका जाहिर की। काफी देर बाद उसके मृत होने की पुष्टि हुई।
चाचा रामकिशोर ने बताया कि मंजू की नाक व मुंह से खून के साथ झाग निकल रहा था। चाचा ने अज्ञात लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना पर सीओ सदर नवीन कुमार सिंह व सीओ रामसनेहीघाट रघुवीर सिंह मौके पर पहुंचे। इंस्पेक्टर पीके तिवारी ने फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पड़ताल की।
उन्होंने बताया कि किसी जहरीले जंतु के काटने से मौत की आशंका है। घटनास्थल से हत्या जैसा कोई संकेत भी नहीं मिला है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। परिवारीजनों ने मामले में कोई तहरीर भी नहीं दी है।