त्रिवेदीगंज। क्षेत्र के अलादादपुर गांव में बुखार से पीड़ित आशा बहू के 13 वर्षीय बेटे की शनिवार को मौत हो गई। गांव में तीन अन्य लोग भी बुखार से पीड़ित हैं। परिजनों ने बताया सभी का इलाज निजी चिकित्सकों से कराया जा रहा है।
अलादादपुर गांव के हरिश्चंद्र रावत का पुत्र आदर्श (13) सोमवार से बुखार से पीड़ित था। उसका इलाज गांव के एक निजी चिकित्सक से कराया जा रहा था। आदर्श की मां उर्मिला गांव में आशा बहू के पद पर तैनात हैं। शुक्रवार को हालत बिगड़ने पर परिजन आदर्श को तत्काल सीएचसी त्रिवेदीगंज ले गए। वहां भी आराम न मिलने पर शनिवार को उसे लखनऊ ले जा रहे थे कि रास्ते में मौत हो गई।
आदर्श घर का बड़ा बेटा था। उसकी एक छोटी बहन भी है। अलादादपुर गांव निवासी परशुराम, विवेक, राजेश भी बुखार से पीड़ित हैं। सीएचसी प्रभारी डॉ. मुकुंद पटेल ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। जांच के लिए टीम गांव भेजी जा रही है। गांव में शिविर लगाकर लोगों की जांच करने और दवाओं का वितरण करने का आदेश टीम को दिया गया है।