रामनगर। भैसुरिया गांव में शनिवार शाम सिराज का डेढ़ साल का पुत्र निहाल खेलते-खेलते घर के सामने तालाब में जा गिरा। मासूम की डूबकर मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार निहाल शनिवार शाम घर के सामने खेल रहा था। कुछ देर के लिए परिजनों का ध्यान बंटा तो वह तालाब के पास चला गया। परिजनों ने उसे घर के पास नहीं देखा तो दौड़कर तालाब के पास पहुंचे, लेकिन वह डूब चुका था।
कुछ लोग तत्काल तालाब में कूदे। बच्चे को बाहर निकाल सीएचसी रामनगर ले गए, जहां चिकित्सक ने निहाल को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली। एसएचओ अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया।