बाराबंकी। जिले के तीन और अस्पतालों में टीबी मरीजों को जांच की मुफ्त सुविधा मिलेगी। इन अस्पतालों में डिजिटल ट्रूनॉट मशीनें लगाई गई हैं। जिला अस्पताल, जिला क्षय रोग अस्पताल समेत 13 अस्पतालों में यह मरीजों को जांच की यह सुविधा पहले से मिल रही थी। तीन और अस्पतालों में जांच की सुविधा शुरू किए जाने से टीबी मरीजों को काफी राहत मिलेगी।
जिले के तीन अस्पतालों जाटा बरौली, त्रिवेदीगंज और रामसनेहीघाट में टीबी मरीजों की जांच के लिए सीएसआर मद से तीन ट्रूनाॅट मशीनें लगा दी गई है। अब यहां के टीबी मरीजों को जांच के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा बल्कि निकट के ही अस्पताल में जांच की सुविधा मिल सकेगी। जिला अस्पताल के साथ ही जिला क्षय रोग अस्पताल, सीएचसी हैदरगढ़, टिकैतनगर, जैदपुर, फतेहपुर, दरियाबाद, देवा, घुंघटेर, सिरौलीगौसपुर, सूरतगंज, सिद्वौर और रामनगर के अस्पतालों में मरीजों को यह सुविधा मिल रही है। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. राजीव टंडन ने बताया कि बीती सात दिसंबर से चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक टीबी के करीब 1635 मरीज चिह्नित किए गए हैं।