बाराबंकी। बोर्ड परीक्षाओं की तिथियां घोषित होते ही जिलेभर के छात्र-छात्राएं अपनी तैयारी में जुट गए हैं। स्कूलों और कोचिंग संस्थानों में पढ़ाई की गति तेज हो गई है। अब विद्यार्थी पारंपरिक पढ़ाई के साथ डिजिटल माध्यमों का भी भरपूर उपयोग कर रहे हैं।
जिले में यूपी बोर्ड की परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राएं यूट्यूब पर विषयवार वीडियो लेक्चर देखकर कठिन टॉपिक आसानी से समझ रहे हैं। इसके साथ ही इंस्टाग्राम, फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध एजुकेशनल पेजों को फॉलो कर महत्वपूर्ण नोट्स, शॉर्ट ट्रिक्स और परीक्षा से जुड़ी उपयोगी जानकारियां प्राप्त कर रहे हैं। इंटरमीडिएट के छात्र दिपांशु ने बताया कि मोबाइल एप और शैक्षिक वेबसाइटों के माध्यम से ऑनलाइन टेस्ट सीरीज और प्रैक्टिस क्विज में भाग लेकर अपनी तैयारी कर रहे हैं। इससे उन्हें नए प्रश्न पैटर्न समझने में मदद मिल रही है। ऑनलाइन टेस्ट के जरिए अपनी कमजोरियों की पहचान कर उनमें सुधार कर रहे हैं और जरूरी नोट्स भी तैयार कर रहे है। शहर स्थित जीआईसी के कक्षा 10 के छात्र आयुष ने बताया कि ऑनलाइन टेस्ट से यह समझने में मदद मिलती है कि किस विषय में ज्यादा मेहनत की जरूरत है। जिले में इस वर्ष हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की 76316 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। परीक्षा केंद्रों का निर्धारण कर सूची बोर्ड को भेज दी गई है।