बाराबंकी। कोरोना के मामले भले ही कम हो रहे हो लेकिन मरीजों के मिलने का सिलसिला जारी है। शुक्रवार की शाम आई जांच रिपोर्ट में सात और कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद इन सभी को होम आइसोलेट करा दिया गया है। जबकि उपचार के बाद सात लोग स्वस्थ भी हुए हैं। इस तरह से जिले में एक्टिव केसों की संख्या 120 रह गई है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, शुक्रवार को जिले में 1599 लोगों ने कोरोना की जांच कराई, शाम को आई जांच रिपोर्ट में जाटाबरौली, फतेहपुर, बड़ागांव व शहर में एक-एक तथा सिरौलीगौसपुर क्षेत्र में दो कोरोना संक्रमित पाए गए। जांच रिपोर्ट आने के बाद इन सभी को होम आइसोलेट करा दिया गया है तथा चिकित्सकों केे इन पर नजर रखने के आदेश दिए गए हैं।
ये अलग बात है कि कोरोना के मरीज दिन ब दिन कम हो रहे हैं लेकिन इनके मिलने का सिलसिला बराबर जारी है। इससे साफ है कि कोरोना का खतरा अभी टला नहीं है। वहीं जिले में चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान के तहत शुक्रवार का 8790 लोगों को कोरोना का टीका लगाया गया। इस बाबत सीएमओ डॉ. रामजी वर्मा का कहना है कि कोरोना के मरीजों की संख्या लगातार घट रही है लेकिन हमें पूरी तरह से सतर्क रहना है। (संवाद)