रामनगर से बाराबंकी की ओर आ रही सवारियों से भरी रोडवेज की अनुबंधित बस को सामने से आ रहे एक ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस के परखचेे उड़ गए। बस में सवार सभी यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची 108 नंबर की पांच एंबुलेंस से सभी घायलों को सीएचसी रामनगर ले जाया गया। जहां से नौ गंभीर घायलों को चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बृहस्पतिवार सुबह 7.40 बजे हेतमापुर से महादेवा के रास्ते बाराबंकी जाने वाली परिवहन निगम की अनुबंधित बस को बुढ़वल चीनी मिल के पास सामने से आ रहे एक ट्रक यूपी 41 टी 4824 ने टक्कर मार दी। हादसे में बाद ट्रक चालक ट्रक लेकर मौके से भाग गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के परखचे उड़ गए। बस में कुल 16 लोग सवार थे।
जिसमें चालक मो. अहमद (35) निवासी डडियामऊ थाना फतेहपुर, परिचालक संतोष कुमार (37) पुत्र जयकरन प्रसाद निवासी जमड़वा थाना रामसनेहीघाट, थाना मोहम्मदपुर खाला अन्तर्गत ग्राम तुलसीपुर निवासी शिवशरन का 18 वर्षीय पुत्र अमन मिश्र, थाना रामनगर के ग्राम कजियापुर निवासी विजय वर्मा (25) पुत्र पाटनदीन, ग्राम सरसवां निवासी जयकरन (60) व इनकी पत्नी विद्यादेवी (58), राजेश (30) पत्नी राजवती, ब्रजेश कुमार (30) पुत्र नन्कू, सुधाकर (21) व शिव कुमार (50) निवासीगण अमोलीकला समेत 16 लोग घायल हो गए।
घटनास्थल में मौजूद लोगों ने हादसे की सूचना 108 जिला प्रभारी प्रमोद सिंह को दी। जिला प्रभारी ने मौके पर पांच एंबुलेंस को भेजकर मरीजों को सीएचसी रामनगर पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल 9 लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया बाकी के यात्री उपचार कराने के बाद सीएचसी से घर लौट गए।
हादसे की सूचना पर एआरएम परिवहन निगम आरके वर्मा मौके पर पहुंचकर चालक परिचालक व घायलों से मुलाकात की। परिचालक ने एआरएम को बताया कि हादसे में टिकट काटने वाली मशीन टूट गई है। एआरएम ने टूटी मशीन व नकदी का बैग अपने पास जमा कर लिया।
हादसे में घायल बस सवार विजय, विद्या देवी, जयकरन, शिवकुमार, अमन मिश्रा व चालक मो. अहमद व परिचालक संतोष कुमार गंभीर चोटे आई हैं। जिन्हें सीएचसी रामनगर से जिला अस्पताल रेफर किया गया।