झमाझम बारिश में नगर पालिका परिषद व नगर पंचायतों के दावों की एक बार फिर से पोल खोल दी है। नालियों के चोक होेने से मार्ग व हाईवे नहरों में तब्दील हो गए। कई मोहल्लों में टापू जैसा नजारा रहा।
केडी सिंह बाबू स्टेडियम व पुलिस लाइन मैदान में करीब डेढ़ फिट तक पानी भर जाने से पूरा स्टेडियम व पुलिस लाइन मैदान तालाब में तब्दील हो गया। नालियों के चोक होने ने उनका गंदा पानी रास्तों में भर गया जिससे उधर से गुजरने वाले राहगीरों को खासी परेशानी उठानी पड़ी।
करीब 15 दिन पहले जब जबरदस्त बारिश से जल भराव हुआ था तो नगर पालिका का कहना था कि एक दो दिन में सब ठीक हो जाएगा। लेकिन शुक्रवार को हुई झमाझम बारिश के हुए जलभराव ने साबित कर दिया नगर पालिका ने कुछ नहीं किया। बृहस्पतिवार की रात से ही मौसम का मिजाज कुछ बदला रहा।
आसमान में भूरे बादल रहे तो बीच-बीच में बादलों की बिजली की चमक दिखाई दे रही थी। शुक्रवार की सुबह भी आसमान में बादल रहे लेकिन करीब आठ बजे आसमान में घनघोर बादल घिर आए और झमाझम बारिश शुरू हो गई। करीब तीन घंटे तक हुई झमाझम बारिश हुई। इसके बाद भी रुक-रुक कर दोपहर दो बजे तक बारिश होती रही।
झमाझम बारिश से जनपद सराबोर रहा। साथ ही नगर पालिका परिषद व नगर पंचायतों के साफ-सफाई के दावाें की पोल खोल दी है। शहर से लेकर गांव तक पानी ही पानी भरा रहा। जिससे आम आदमी व राहगीरों को खासी परेशानी उठानी पड़ी। कृषि विभाग के आंकड़ों के अनुसार जनपद में 80.6 मिमी बारिश दर्ज की गई।
नालियां चोक, रास्तों में भरा गंदा पानी
झमाझम हुई बारिश के बाद नालियों के चोक होने से उसका गंदा पानी रास्तों पर भर गया। रास्ते नहरों में तब्दील हो गए। कई जगहों पर एक-एक फिट पानी भरा रहा। दुर्गापुरी, पीरबटावन, सट्टीबाजार, दीनदयाल नगर, जिला अस्पताल परिसर समेत कई जगहों पर रास्ते पर पानी भरा रहा। बाराबंकी-फैजाबाद हाइवे पर भी करीब डेढ़ फिट तक पानी भरा रहा। जगह-जगह जलभराव होने से स्थानीय लोगों व आम आदमी को काफी परेशानी उठानी पड़ी।
केडी सिंह बाबू स्टेडियम व पुलिस लाइन मैदान तालाब में तब्दील
झमाझम बारिश से पुलिस लाइंस मैदान व केडी सिंह बाबू स्टेडियम में करीब डेढ़ से दो फिट पानी भर गया। तालाबों में तब्दील हुए स्टेडियम व पुलिस मैदान में बच्चों ने खूब मस्ती की। कुछ खिलाड़ियों में पानी में ही फुटबाल खेल कर बारिश का आनंद लिया।
कई मोहल्लों में हुआ जलभराव
शुक्रवार की सुबह हुई तेज बारिश में कई मोहल्लों में जलनिकासी की अच्छी व्यवस्था नहीं होने से वहां जलभराव हो गया। लखपेड़ाबाग, जीत नगर, विजय नगर, दीनदयाल नगर, बाल विहार कॉलोनी, मुनेश्वर विहार कॉलोनी सहित कई मोहल्ला टापू में तब्दील रहे।
नगर पालिका की तैयारियों में कोई कमी नहीं है। जो निचले इलाके हैं सिर्फ वहीं पर जलभराव हुआ है। नाले नालियों की नियमित साफ-सफाई कराई जाती है। जहां कही से भी शिकायत मिलेगी उसे तत्काल ठीक कराया जाएगा। -एसके सिंह, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका