बाराबंकी। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत जिले में 210 किलोमीटर लंबी 24 सड़कें एफडीआर (फुल डेप्थ रेक्लमेशन) पद्धति से बनाई जाएंगी। इस नई तकनीक से बनने वाली सड़कों को करीब दस साल तक नहीं टूटने का दावा किया जा रहा है। साढ़े पांच मीटर चौड़ी इन सड़कों के निर्माण पर करीब दो अरब रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए केंद्र सरकार ने स्वीकृत बजट में से 16 करोड़ 63 लाख रुपये ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को आवंटित कर दिया है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद तेजी से निर्माण कार्य शुुरू होगा।
योजना के तहत ग्रामीण अंचलों में सबसे अधिक भीड़भाड़ वाली ऐसी सड़कें जिन पर स्कूल, अस्पताल, थाना, बाजार, सीएचसी आदि संस्थाएं पड़ती हैं। उन सड़कों को प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना में शामिल कर निर्माण कराया जाता है। इस बार भी जिले की ऐसी 24 सड़कें जिनकी कुल लंबाई 210 किलोमीटर है, को चिह्नित किया गया है।
इनका निर्माण इस बार एफडीआर तकनीक से कराया जाएगा। खास बात यह है कि ये सड़कें करीब दस साल तक मजबूत रहेंगी। इसकी निर्माण सामग्री में केमिकल्स आदि का प्रयोग किया जाएगा। करीब दो अरब रुपये की लागत से साढ़े पांच मीटर चौड़ी बनने वाली इन सड़कों के निर्माण के लिए केंद्र सरकार ने हरी झंडी दे दी है।
जिले के ग्रामीण अभियंत्रण विभाग को निर्देश मिलने के बाद टेंडर आदि की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। टेंडर के माध्यम से चयनित होने वाले ठेकेदार द्वारा सड़कों का निर्माण कार्य कराया जाएगा। इन सड़कों की मरम्मत आदि की जिम्मेदारी भी ठेकेदार पर ही होगी। सड़कों के निर्माण के लिए केंद्र सरकार ने 16.63 करोड़ रुपये जारी किए हैं।
इन सड़कों को स्वीकृति कराने में सांसद उपेंद्र सिंह रावत का अहम रोल है। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशाषी अभियंता ज्ञानेंद्र मौर्या ने बताया कि पीएमजीएसवाई के तहत दो दर्जन सड़कें एफडीआर तकनीक से बनाई जाएंगी। स्वीकृति मिल गई हैं। टेंडर प्रक्रिया की जा रही है।
इन सड़कों का होगा निर्माण
सिद्धौर ब्लॉक में बाराबंकी-हैदरगढ़ मार्ग से मल्हानपुरवा तक, सुल्तानपुर राजमार्ग से दहिला-पोखरा व बढ़वल तक निंदूरा में बड्डूपुर-बजगहनी से सिरकोईया-भदरास तक सात किलोमीटर, सरसवां से इमामगंज होते हुए दरावन और त्रिवेदीगंज में कान्हूपुर से मंजूपुर तक, भिलवल से मौलाबाद, बंकी से सतरिख चिनहट मार्ग, हरख में जैदपुर सतरिख रोड से टेरा दौलतपुर होकर दादरा, सिद्धौर से अजव्वा, टिकैतनगर से लोनीपुरवा, सिरौली में कोटवा-सनावा रोड, बनीकोडर ब्लॉक में हैदरगढ़ रोड से कुनवरपुर चौरी, पूरेडलई में दरियाबाद में गाजीरोड से इंदरपुर पहरुपुर, टिकैतनगर-लोढेमऊ इचौली, दरियाबाद से बदोसराय, सैदखानपुर से सिसौना, सफदरगंज से मीरा का पुरवा समेत कई अन्य सड़कें शामिल की गई हैं।
सूरतगंज-रामनगर मार्ग के चौड़ीकरण को मिले 2.17 करोड़
बाराबंकी। सूरतगंज से रामनगर मार्ग के चौड़ीकरण को लेकर शासन ने 2 करोड़ 17 लाख रुपये और आवंटित कर दिए हैं। चुनाव के कारण यह राशि अटकी थी। इस मार्ग का चौड़ीकरण 16 करोड़ 85 लाख रुपये से हो रहा है। पिछले साल पं. दीनदयाल उपाध्याय योजना के तहत सूरतगंज ब्लॉक को रामनगर तहसील से दो लेन मार्ग जरिए जोड़ने को लेकर पुरानी सड़क का चौड़ीकरण शुरू हुआ था।
इस पर 16 करोड़ 85 लाख रुपये खर्च होने हैं। 13 करोड़ 48 लाख रुपये पहले से ही आवंटित किए जा चुके हैं और कार्य अंतिम चरण में हैं। चुनाव पड़ने के कारण और राशि मिलने का इंतजार लोक निर्माण विभाग कर रहा था। इसे लेकर शासन से आखिरकार 2 करोड़ 17 लाख रुपये और आवंटित कर दिए हैं। (संवाद)