सूरतगंज (बाराबंकी)। मोहम्मदपुर खाला गांव के पास एक स्कूली बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर हो गई। टक्कर के कारण स्कूल बस में सवार दो बच्चे घायल हो गए। वहीं चालक भी चोटिल हो गया। घायलों का निजी चिकित्सक के यहां उपचार किया गया। बस में करीब आधा दर्जन बच्चे सवार बताए जा रहे हैं।
सूरतगंज-फतेहपुर मार्ग स्थित मोहम्मदपुर खाला भट्टे के पास सोमवार सुबह बच्चों को ले जा रही स्कूली बस में तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। गांव के पास हादसे में घायल हुए निजी स्कूल के छात्रों ने बताया कि वह सभी फतेहपुर स्थित एक स्कूल में जा रहे थे। हादसे में चालक मिंटू और छात्र नोप्रीत व अभिजोत सिंह घायल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद घायलों को निजी चिकित्सक के यहां भेजा गया। शेष करीब 15 बच्चों को घर भेज दिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया है। ट्रैक्टर-ट्रॉली मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के रायपुर की बताई जा रही है। थाना प्रभारी वीरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि वाहनों को कब्जे में लिया गया है। कार्रवाई की जा रही है। (संवाद)