कोटवाधाम (बाराबंकी)। जलशक्ति मंत्री के संभावित दौरे को लेकर बाढ़ खण्ड के अधिकारी शनिवार को पूरे दिन हलकान रहे। इस दौरान अधिकारी अपने बचाव में नजर आए और जो कार्य कराए गए थे उन्हें ड्रोन कैमरों में कैद करते नजर आए।
जल शक्ति मंत्री गोबरहा, तेलवारी, कहारनपुरवा की तीनों परियोजनाओं पर कराए गए कार्यों का निरीक्षण करने शनिवार को आ रहे हैं। इसकी सूचना मिलते ही बाढ़ खंड के अधिकारियों के हाथ पांव फूल गए। आनन-फानन में जो कार्य बचा था उसे बोरियों लगाकर सही कराना शुरू कर दिया गया।
कहारनपुरवा के निकट जो कार्य बाकी थी उसे जल्द से जल्द पूरा कराने के लिए अधिकारी धूप में पसीना बहाते दिखाई दिए। इसी दौरान दूरभाष पर सूचना मिली कि जल शक्ति मंन्त्री बलिया में चल रहे ड्रेजिंग कार्यो का निरीक्षण कर वहां से निकल चुके हैं।
इतना सुनते ही मौके पर मौजूद अधिकारी अपने बचाव में आ गए और तेलवारी, गोबरहा, कहारनपुरवा में करवाए गए कार्यों को ड्रोन कैमरे में कैद कराते दिखाई दिए। इस बाबत बाढ़ खंड के अवर अभियंता राकेश भास्कर का कहना है कि तीनों परियोजनाओं पर चल रहे कार्य पूरे हो चुके हैं जलशक्ति मंत्री के आने की सूचना मिली है इसलिए हम लोग मौके पर मौजूद हैं।