बाराबंकी। कार सवार युवक ने एक महिला को उसके घर छोड़ने की बात कहकर लिफ्ट देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। इस पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर पीड़िता को चिकित्सीय परीक्षण के लिए जिला महिला अस्पताल भेजा है।
फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव की एक महिला का आरोप है कि वह बीते 22 जुलाई को लखनऊ से घर जा रही थी। तभी देवा माती पुलिया के पास उसे शिवपूजन निवासी ग्राम पड़रा थाना सफदरगंज मिला और अपनी कार में लिफ्ट देकर घर तक छोड़ने की बात कही।
इसके बाद महिला जब उस युवक के साथ कार में सवार हो गई तो वह महिला को उसके घर न ले जाकर अपने घर ले गया और दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी महिला को देवा के पास नहर पटरी पर छोड़कर भाग निकला। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की।
पुलिस ने जांच कर मामले में 25 जुलाई को केस दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक धीरज कुमार का कहना है कि घटनास्थल थाना सफदरगंज का है। लेकिन इसके बावजूद पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। मामले की जांच कर कार्रवाई होगी। (संवाद)