बाराबंकी। वाहन स्वामियों को बकाया रोड टैक्स जमा करने के लिए एआरटीओ प्रशासन की ओर से लगाए गए शिविर में बकाएदार वाहन स्वामियों की संख्या कम ही रही। बारिश के चलते शिविर में मात्र 22 वाहन स्वामी ही पहुंचे और करीब तीन लाख रुपये ही जमा हो सका।
जिले में सैकड़ों वाहन स्वामियों पर करोड़ों रुपये टैक्स बकाया है। वाहन स्वामियों की सहूलियत के लिए एआरटीओ दफ्तर में तीन दिवसीय कैंप लगाया गया है। जिले में करीब 22 हजार व्यवसायिक वाहन पंजीकृत हैं। इन वाहन स्वामियों पर करीब 17 करोड़ रुपये टैक्स बकाया है। बकाया वसूली को लेकर कैंप लगाया गया है। शिविर के पहले दिन टैक्स जमा करने वाले वाहन स्वामियों की संख्या कम ही रही।
एआरटीओ प्रशासन पंकज सिंह ने बताया कि बारिश के चलते टैक्स जमा करने के लिए आने वाले वाहन स्वामियों की संख्या कम रही। अभी दो दिन शेष है, वाहन स्वामियों को टैक्स में छूट भी दी जा रही है। विशेष कैंप में वाहन स्वामी छूट का लाभ उठा सकते हैं। समय सीमा बीतने के बाद बकाया न जमा करने वाले वाहन स्वामियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)