फतेहपुर (बाराबंकी)। सिरौलीगौसपुर में लेखपाल व राजस्व निरीक्षक पर हुए हमले में आरोपियों पर कार्रवाई न किए जाने से आक्रोशित लेखपालों बैठक की। लेखपाल संघ ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंप कर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
सिरौलीगौसपुर तहसील में 15 जून को एसडीएम के आदेश पर लेखपाल व राजस्व निरीक्षक ग्राम बरदरी शिकायत का निस्तारण करने के लिए मौके पर गए थे। जहां पर राजस्व निरीक्षक व लेखपाल पर प्रधान व उनके समर्थकों ने हमला कर दिया था। इसको लेकर बृहस्पतिवार को लेखपाल संघ ने बैठक की और एसडीएम को ज्ञापन सौंप कर मांग की है कि आरोपियों के विरुद्ध के दर्ज होने के बाद भी अभी तक उनकी गिरफ्तारी नहीं की गई है।
आरोपियों की गिरफ्तारी नही की गई तो शुक्रवार को सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। यदि इसके बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई तो 29 जून से कार्य बहिष्कार कर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसी के साथ मांग की गई कि अतिक्रमण के संबंध में जो भी शिकायतें आएं तो अनिवार्य रूप से पुलिस बल को भी नामित किया जाए। जिससे कोई अप्रिय घटना न घटित हो सके। इस मौके पर लेखपाल संघ अध्यक्ष संजय रावत, नीरज कुमार श्रीवास्तव, शैलेंद्र प्रताप सिंह, भानु प्रताप सिंह, अरविंद कुमार वर्मा, प्रदीप कुमार, राजेश कुमार आदि लेखपाल मौजूद रहे।