बाराबंकी। जिले में अलग-अलग जगहों से तार टूटने से करीब ढाई सौ गांव की बिजली पांच घंटे गुल रही। भीषण गर्मी में लोग बेहाल रहे। लोगों के इनवर्टर तक बैठ गए। निंदूरा के समीप मुख्य लाइन में फाल्ट आने से करीब 150 गांवों की बत्ती गुल हो गई। हैदरगढ़ में भी मुख्य लाइन का तार टूट गया। इससे करीब 100 गांवों की पांच घंटे बिजली गुल रही। उधर जैदपुर में बिजली गुल होने से लोगों को रात जागकर गुजारनी पड़ी।
फतेहपुर क्षेत्र में निंदूरा के पास शुक्रवार की सुबह करीब आठ बजे 33 हजार की लाइन में फाल्ट हो गया। इससे कस्बा व दौलतपुर, रौजा, तिलरण, धमसड, रारिया, रंजीतपुर, मोहरी, सिहाली, मदनपुर, गुरुसेल, खेरिया, बनार, गौरा सैलक, जगतपुर, रसूलपुर, रासुलपनाह, पटना, साढ़े मऊ, इब्राहिमपुर समेत करीब 150 गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। सुबह बिजली आपूर्ति बंद होने से लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ा। लोग हैंडपंप से पानी भरते नजर आए। दोपहर बाद एक बजे बिजली आपूर्ति शुरू होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
वहीं हैदरगढ़ में मर्दापुर के पास तार टूटने से लाही, बहुता, सहावर, पोखरा, मर्दापुर, त्रिवेदीगंज, गोतौना, रौनी समेत 105 गावों की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। इससे करीब सवा लाख आबादी को परेशानी हुई। करीब पांच घंटे बाद बिजली आपूर्ति शुरू हुई। उधर जैदपुर में तार टूटने से बृहस्पतिवार रात बिजली गुल हो गई। लोगों ने फोन किया लेकिन एसडीओ ने फोन नहीं रिसीव किया।
इससे करीब पांच हजार आबादी ने रात बिना बिजली गुजारी। कई लोग सड़क पर टहलते रहे लेकिन बिजली नहीं आई। शुक्रवार सुबह आठ बजे बिजली आपूर्ति शुरू हुई। इस बाबत पावर कॉर्पोरेशन के अधिशासी अभियंता अंशुमान यादव का कहना है कि बिजली आपूर्ति शुरू करा दी गई हे। सभी एसडीओ व अवर अभियंता को फाल्ट को तुरंत दुरुस्त करने और सतत मॉनीटरिंग के निर्देश दिए गए हैं।