बाराबंकी। सीएम हेल्पलाइन में काम करने वाले दो कर्मचारियों समेत नौ लोग और कोरोना पॉजिटिव पाए गए है। सोमवार देर रात जानकारी मिलने के बाद सभी पीड़ितों को उपचार के लिए हिंद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। संक्रमितों के मोहल्ले और गांव की सीमाओं को सील कराने के साथ परिवार के 54 लोगों को होम क्वारंटीन कराया गया है।
शहर के मोहल्ला भितरी पीरबटावन और सरावगी के रहने वाले दो युवक सीएम हेल्पलाइन लखनऊ में काम करते हैं। दोनों प्रतिदिन घर से ड्यूटी पर जाते हैं। दोनों की सोमवार देर रात आई जांच रिपोर्ट में पॉजिटिव पाए जाने के बाद उनके घर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने उन्हें उपचार के हिंद अस्पताल में भर्ती कराया है। इसके साथ ही दोनों के परिवार के 10 लोगों को होम क्वारंटीन कराया। मोहल्ले की सीमाओं को सील करते हुए आवागमन पर पूरी तरह से रोक दिया गया। दोनों के सैंपल चिनहट सीएचसी में लिए गए थे इसलिए उनकी केस आईडी लखनऊ में ही दर्ज है। एसडीएम सदर अभय पांडेय ने बताया कि जांच रिपोर्ट में दो युवकों के पॉजिटिव पाए जाने के बाद भितरी पीरबटावन को पांच जुलाई और सरावगी मोहल्ले को छह जुलाई की रात तक के अस्थायी रूप से सील कर दिया गया है। इसके साथ ही दोनों मोहल्लों में आवश्यक वस्तुओं की होम डिलीवरीकी प्रक्रिया शुरू कराई जा रही है।
टिकैतनगर कस्बे की रहने वाली एक 70 वर्षीय महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। यह महिला 11 जून को मुंबई से आई थी। संदेह के आधार पर उसका सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। इसी कस्बे के दूसरे मोहल्ले का रहने वाला एक युवक भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। यह युवक 11 जून को सूरत से लौटा था। दोनों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें हिंद अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनके परिवार के 14 लोगों को होम क्वारंटीन करा दिया गया है। सूचना पर पहुंचे एसडीएम सिरौलीगौसपुर और सीओ ने दोनों वार्डों की सीमाओं को सील कराते हुए प्रोटोकॉल के तहत कार्रवाई शुरू कराई है।
इसके साथ फतेहपुर क्षेत्र के ही छिवराजपुर गांव का रहने वाला एक युवक कोरोना संक्रमित पाया गया है। युवक को उपचार के लिए हंद अस्पताल भेजने के साथ प्रशासन ने परिवार के 30 लोगों को होम क्वारंटीन कराया और गांव की सीमाओं को सील कराते हुए आवागमन पर रोक दिया है। इसके अलावा मंगलवार देर शाम आई जांच रिपोर्ट में जिले के त्रिवेदीगंज इलाके में दो और बंकी क्षेत्र में दो लोग संक्रमित पाए गए। इन लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।