बाराबंकी। ब्लॉक प्रमुख के होने वाले चुनाव में जिले में शुक्रवार को भाजपा को बड़ा झटका लगा। भाजपा प्रत्याशी सपना चौहान द्वारा नाटकीय ढंग से नाम वापस लिए जाने के बाद सपा प्रत्याशी बेनी प्रसाद वर्मा की बहू रेनू वर्मा का निर्विरोध निर्वाचित होना तय हो गया है। वहीं भाजपा प्रत्याशी ने पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप की मौजूदगी में सपा की सदस्यता ग्रहण की और अपना पर्चा वापस ले लिया। इसको लेकर सत्ताधारी पार्टी की ब्लॉक प्रमुख चुनाव को लेकर की गई तैयारियों की पोल खोल दी है।
भले ही सत्तारूढ़ दल के सामने सपा अपनी ताकत वापस न ला पाए किंतु शुक्रवार को जिस तरह से सपा ने भाजपा को झटका दिया है उससे साफ हो गया है कि कहीं न कहीं टिकट वितरण में भाजपा की लापरवाही सबसे ज्यादा दोषी मानी गई है। सत्ता में होने के बावजूद भाजपा अपना उम्मीदवार सहेजने में पूरी तरह से नाकाम रही। भाजपा ने प्रमुख पद के चुनाव को लेकर भले ही जोरशोर से तैयारियां की हो लेकिन सपा ने उसे ऐसा झटका दिया है कि वह एक ही झटके में चित हो गई है।
इससे पार्टी द्वारा चुुनाव को लेकर की गई तैयारियों की पोल खुल गई है। सपा ने पहले भाजपा उम्मीदवार को पार्टी में शामिल कर सदस्यता दिलाई। इसके बाद पर्चा वापस कराया। इससे साफ हो गया है कि सपा शनिवार को होने वाले चुनाव में इसका पूरा फायदा उठाने का प्रयास करेगी। वहीं निर्विरोध निर्वाचन तय होने के बाद परिवार के साथ मोहनलाल डिग्री कॉलेज पहुंची रेनू वर्मा ने स्व. बेनी बाबू की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस मौके पर पूर्व मंत्री राकेश वर्मा आदि मौजूद रहे।