कोटवासड़क (बाराबंकी)। जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटनाओं में दो युवकों की मौत हो गई। रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र में अयोध्या-लखनऊ हाईवे पर एक ओवरलोड ऑटो रिक्शा अज्ञात वाहन की टक्कर से पलट गया। इस हादसे में एक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि ऑटो में सवार 11 लोग घायल हो गए। सफदरगंज में भी एक वाहन की टक्कर से बाइक सवार की जान चली गई।
अयोध्या जिले के मवई थाना क्षेत्र के बदलापुर गांव से एक ऑटो रिक्शा में सवार होकर 12 लोग रामसनेहीघाट में रहने वाले एक रिश्तेदार के यहां तेरहवीं संस्कार में शामिल होने आए थे। शनिवार शाम सभी लोग वापस घर जा रहे थे। इसी दौरान रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र में अयोध्या-लखनऊ हाईवे पर मुरारपुर मोड़ के पास अज्ञात वाहन से टक्कर से ऑटो रिक्शा पलट गया।
इस हादसे में बदलापुर गांव निवासी आशाराम (38) की सिर पर गंभीर चोट आने से मौके पर मौत हो गई। वहीं शांति देवी, कर्मियता, साधना, माधुरी, मंजू, हनुमान, मंगूलाल, नकछेद, विक्रम, केशरी व रामभरोसे भी घायल हो गए। सूचना पर पहुंची रामसनेहीघाट पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराने के साथ मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
वहीं दूसरा हादसा अयोध्या-लखनऊ हाईवे पर सफदरगंज थाना क्षेत्र के दादरा के पास हुआ। इसमें नगर कोतवाली क्षेत्र के सफेदाबाद स्थित बुआ के यहां से वापस लौट रहे बाइक सवार जैदपुर थाना क्षेत्र के तोगापुर निवासी अरमान (18) अज्ञात वाहन की चपेट में आकर घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना पर नगर कोतवाली पुलिस ने युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया।
हादसे में युवक की सांसें थमीं
बाराबंकी। बदोसरायं थाना क्षेत्र में पंजरौली चौराहे पर अनियंत्रित माल वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। यह हादसा शनिवार की देर रात हुआ। कोतवाली क्षेत्र के खोर एदमादपुर निवासी विजय द्विवेदी (40) पंजरौली बाजार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार माल वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। संवाद