बाराबंकी। रामनगर थाना क्षेत्र के बहराइच हाईवे पर मलियामऊ गांव के पास ट्रेवलर बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में बस में सवार 20 यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। ये सभी नेपाल के बताए जा रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने यात्रियों का इलाज कराने के बाद दूसरी बस से गंतव्य के लिए रवाना कर दिया।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार रात डेढ़ बजे ट्रेवलर बस अहमदाबाद से नेपाल के यात्रियों को लेकर रुपइडीहा जा रही थी। इसी बीच बाराबंकी-बहराइच हाईवे पर मलियामऊ के पास अचानक बस अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे पलट गई। हालांकि हादसे में बस में सवार सभी 20 यात्रियों को मामूली चोटें ही आई हैं।
इनमें कई महिलाएं व बच्चे भी हैं। बस चालक को झपकी आने से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। इंस्पेक्टर संजय मौर्य ने बताया कि बस पलटने की सूचना पर तत्काल पुलिस मौके पर गई थी। बस में सवार सभी 20 यात्रियों को हल्की चोटें आईं थीं, सभी को सीएचसी पहुंचाकर उपचार कराया गया।
इस समय नेपाल व भारत के बीच जहां तनातनी का माहौल है। वहीं, जिले की पुलिस नेपाली यात्रियों के लिए मसीहा साबित हुई है। मंगलवार को रामनगर इलाके में हुए हादसे के बाद घायल नेपाली नागरिकों का पुलिस ने सीएचसी रामनगर में उपचार कराया। इसके बाद सभी के लिए भोजन-पानी का इंतजाम भी किया। इंस्पेक्टर संजय मौर्य ने बताया कि नेपाली नागरिकों को दूसरे वाहन से नेपाल भेज दिया गया है।