बाराबंकी। श्री लोधेश्वर महादेवा तीर्थ में सावन मेले को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसे लेकर मंगलवार को डीएम-एसपी ने कलेक्ट्रेट स्थित लोक सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक कर समीक्षा की। मेले में जहां 24 घंटे बिजली आपूर्ति के निर्देश दिए गए हैं वहीं सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। बैठक में सुविधाओं से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक की रणीनीति तैयार की गई। बैठक में सावन के प्रथम सोमवार से लेकर 30 अगस्त को कजरी तीज तक का खाका तैयार किया गया।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि तालाबों व अभरण की साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति, आवागमन, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, अस्थाई शौचालय, गोताखोरों की तैनाती, पार्किंग व्यवस्था, हैंडपंप रिबोर सहित अन्य जरूरत की चीजों की व्यवस्था समय से पूर्व कर ली जाये। साथ ही मेला परिसर में निराश्रित पशुओं को पकड़ने की व्यवस्था की जाय। डीएम ने पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेला अवधि में 24 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाय। जर्जर विद्युत तारों को बदल दिया जाय।
डीएम ने डीपीआरओ को निर्देश दिया कि सफाई के लिए सेक्टर वार सफाईकर्मी तैनात करते हुए उसकी सूची एसडीएम रामनगर व सीओ को उपलब्ध कराएं। मेला क्षेत्र में दुर्गंध व बदबू को कम करने के लिए चूना व ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराने के साथ ही श्रद्धालुओं के लिए पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था की जाये।
उन्होंने कहा कि मेला परिक्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे की समुचित व्यवस्था हो। एक कंट्रोल रूम बनाकर इसकी निगरानी की जाय। बैठक में एसपी अनुराग वत्स ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर की गई तैयारियों के बारे में बताया। इस मौके पर सीडीओ एकता सिंह, एडीएम राकेश सिंह, सीएमओ डॉ. रामजी वर्मा, एसडीएम रामनगर तान्या आदि मौजूद रहे।