घटिया बीज की ब्रिकी करने वाले 4 बीज विक्रेताओं के लाइसेंस जिला कृषि अधिकारी ने निरस्त कर दिया है। इन दुकानों से लिए गए सैम्पल जांच रिपोर्ट में फेल होने के बाद यह कार्रवाई की गई है।
जिले में नामचीन कंपनियों के हाइब्रीड धान की बीज का अधिक उत्पादन का दावा कर हजारों किसानों को बेच दिया था। कृषि विभाग के अधिकारियों ने बीज विक्रेताओं की दुकान से जो नमूने उसे जांच के लिए रिसर्च सेंटर भेजा था। जहां पर जांच में 4 नमूने फेल हो गए। जिसकी रिपोर्ट रिसर्च सेंटर से जिला कृषि अधिकारी को भेजी। फेल हुए नमूने के कोड का मिलाना किया गया तो वह नमूने भाईजी बीज भंडार सफदरगंज, वर्मा सीड्स स्टोर फतेहपुर, वर्मा बीज कंपनी दशहराबाग व पटेल सेवा केंद्र बरेठी के पाए गए।
जिसके बाद जिला कृषि अधिकारी ने दुकानदारों को नोटिस भेजकर निलंबन की कार्रवाई की थी। इस आशय की खबर अमर उजाला ने प्रमुखता के साथ प्रकाशित की। जिसके बाद हरकत में आए कृषि विभाग ने भाई जी बीज भंडार सफदरगंज, वर्मा सीड्स स्टोर फतेहपुर, वर्मा बीज कंपनी दशहराबाग, पटेल सेवा केंद्र बरेठी के लाइसेंस निरस्त कर दिए।
कृषि विभाग के अधिकारियों की मानें तो जांच में फेल हुए धान के बीज जेके कंपनी 401 व 282 वायर कंपनी का 6444 व धनलक्ष्मी कंपनी का 108 का था। मगर विभाग इन नामचीन कंपनियों पर रहमदिली दिखा रहा है। यही कारण है कि अभी तक विभाग ने इन कंपनियों को नोटिस तक नहीं जारी किया और दुकानदारों के लाइसेंस निरस्त कर नामचीन कंपनियों का बचाव करता दिख रहा है।