फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पेड़ पर 13 घंटे चढ़ा रहा तेंदुआ, बना तमाशबीन

विज्ञापन
विज्ञापन
बेलहरा (बाराबंकी)। जंगल से नदी के रास्ते मोहम्मदपुरखाला क्षेत्र के खेतों में पहुंचा एक तेंदुआ सोमवार सुबह से पेड़ पर फंसा गया। इसे नीचे उतारकर पकड़ने के लिए वन विभाग व पुलिस की टीम ने घंटों तक प्रयास किया लेकिन रात के अंधेरे में वह खुद नीचे उतरकर नदी की ओर भाग गया।
विज्ञापन

इधर इलाके में तेंदुुआ की आमद से ग्रामीणों में दिनभर दहशत का माहौल रहा। उसे देखने के लिए सुबह से शाम तक पेड़ के आसपास सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा थी। सुबह करीब आठ बजे पेड़ पर चढ़ा तेेंदुआ देर शाम तक नीचे नहीं उतरा था। वह कभी पेड़ से थोड़ा नीचे आता, फिर एक डाल से दूसरी डाल पर चला जाता। वह यही कर रहा था। पेड़ की सबसे ऊंची जिस डाली पर तेंदुआ बैठा था वह टूटकर गिर गई लेकिन तेंदुआ पेड़ से नहीं उतरा। उसे पकड़ने के लिए जाल व पिंजड़ा लगाया गया था।
थाना मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र के ग्राम अकंबा मजरे बसारी में सोमवार सुबह साढ़े सात बजे रामबिलास के मिर्च के खेत में तेंदुआ लेटा हुआ था। इस बीच खेत गए लोगों ने तेंदुआ को देखा और शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर तेंदुआ भागकर सोनू के खेत में लगे यूकेलिप्टस के पेड़ पर चढ़ गया। तेंदुआ को देख ग्रामीणों में दहशत का माहौल हो गया है। तेंदुआ के पेड़ पर चढ़ने की सूचना देने के बाद मौके पर पुलिस व वन विभाग के दो सिपाही तो आए लेकिन विभाग का कोई अधिकारी चार घंटे तक मौके पर नहीं पहुंचा।
विज्ञापन

इसके बाद जब अफसर पहुंचे तो उसे नीचे उतारने के लिए काम तेज किया जा सका। इधर आसपास के गांवों में जिसको भी तेंदुआ के पेड़ पर चढ़े होने का पता चलता वह सीधे मौके पर पहुंच जा रहा था। तेंदुआ को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ लगी रही। जिस पेड़ पर तेंदुआ बैठा था वन विभाग द्वारा उसके चारों तरफ जाल लगाकर पिंजड़ा रख दिया गया था। बस लोग तेंदुआ के पेड़ से नीचे उतरने का इंतजार कर रहे थे। शाम को अंधेरा होने के बाद रात करीब नौ बजे जब पेड़ के आसपास लोगों की भीड़ कम हुई तो तेंदुआ पेड़ से नीचे उतरकर नदी की ओर भाग गया।
कैमरे में कैद करने के लिए जुटे लोग
मिर्च के खेत से भागने के बाद तेंदुआ पेड़ पर सबसे ऊपर जाकर बैठ गया। उसको जिंदा देखने के लिए ग्रामीणों का हुजूम मौके पर पहुंच गया। लोग तेंदुआ की फोटो अपने मोबाइल में कैद करने की होड़ लगाए हुए थे। सुबह से लेकर रात तक लोग वहां से हटने का नाम नहीं ले रहे थे। क्षेत्रीय विधायक साकेंद्र वर्मा भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने दूरबीन से तेंदुआ देखने का प्रयास किया। इसके साथ ही उसे सकुशल नीचे उतरवाकर जंगल में छोड़ने के निर्देश वन विभाग के अफसरों को दिए।
गांव में थे दो मांगलिक कार्यक्रम को लेकर रही ऊहापोह
अंकबा गांव में तेंदुआ आने से ग्रामीणों में दहशत बनी हुई थी। इसी गांव में ही कामता की बेटी शिवानी की सोमवार को शादी थी। इसको लेकर सभी तैयारियां हो रही थीं। शिवानी के चाचा प्रकाश वर्मा ने बताया कि बेटी की बरात आनी है अगर तेंदुआ पकड़ा नहीं गया तो बरातियों में भी दहशत रहेगी। इसी तरह गांव में रामनरेश के बेटे कपिल का तिलक समारोह था। सभी इसी आस में थे कि तेंदुआ को पकड़ लिया जाए।
ड्रोन कैमरे को पंजा मारकर नीचे गिराया
तेंदुआ को पकड़ने के लिए एनके सिंह, रेंजर फतेहपुर पीके सिंह, देवा रेंज के मयंक सिंह, रामनगर रेंजर सुबोध शुक्ला, रामसनेहीघाट रेंजर मोहित श्रीवास्तव की टीम लगी रही। तेंदुआ कभी इस पेड़ से उस पेड़ तो कभी उस पेड़ से इस पेड़ पर विचरण कर रहा था। तेंदुआ जब पेड़ से नहीं उतरा तो वन विभाग ने ड्रोन कैमरा उड़ाकर उसे नीचे उतारने का प्रयास किया। कैमरा तेंदुआ से टच भी हुआ तो उसने ड्रोन पर पंजा मारकर नीचे गिरा दिया लेकिन वह नीचे नहीं उतरा।
पेड़ पर 50 फिट ऊपर था तेंदुआ
वन विभाग की मानें तो यह तेंदुआ युवा था, लेकिन नर है या मादा इस बात का पता नहीं लग सका। बताया जा रहा है कि करीब 50 फिट ऊपर पेड़ पर यह बैठा हुआ था। जिस पेड़ पर तेेंदुआ बैठा था उसके आसपास पांच-छह पेड़ और लगे हैं। ऐसे में तेंदुआ एक पेड़ से दूसरे पेड़ पर भी पहुंचा जा रहा था।
तेंदुआ को कोई नुकसान न होने पाए वन कर्मी इसका भी ख्याल रख रहे थे। तेंदुआ पकड़ने के लिए किसी दूसरे जिले से कोई टीम नहीं बुलाई गई थी। फिलहाल वन विभाग की चार टीमें ही सक्रिय रहीं। प्रयास किया जा रहा था कि तेंदुआ खुद नीचे आ जाए। यदि वह नीचे नहीं उतरता तो उसे खाने-पानी का लालच भी दिया जाता।
पेड़ को हिलाने-डुलाने पर नीचे उतरकर भाग गया
यह तेंदुआ सीतापुर जिले के महमूदाबाद इलाके में सक्रिय था वहां से सरयू व सिमली नदी के कछार से होकर यहां आया था। फिलहाल तेंदुुआ भूखा नहीं था इसके चलते वह नीचे नहीं आ रहा था। इसे पकड़ने के लिए पेड़ के नीचे चारों तरफ जाल बिछाया गया था। पास में पिंजड़ा भी रखा गया था।
देर रात जब ग्रामीणों की भीड़ कम हुई तो टीम ने पेड़ को हिला-डुलाकर उसे नीचे उतारने का प्रयास किया। इसी बीच रात करीब नौ बजे वह नीचे उतरकर नदी की ओर भाग गया। सुबह इलाके की कॉम्बिंग कर उसे पकड़ने का प्रयास किया जाएगा। ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
विज्ञापन

-रुस्तम परवेज, डीएफओ
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें