बाराबंकी। सड़क हादसे में जान गंवाने वाली दो महिलाओं के शवों से सोने-चांदी के जेवर गायब होने का मामला सामने आया है। परिजनों ने इसे शर्मनाक और अमानवीय कृत्य बताते हुए पुलिस को तहरीर दी है, जिस पर जांच शुरू कर दी गई है।
शनिवार को सीतापुर जिले के महमूदाबाद थाना क्षेत्र निवासी इंद्रजीत वर्मा अपनी पत्नी खुशी वर्मा (18), भाभी पिंकी देवी (28) और तीन वर्षीय भतीजी के साथ बाइक से रिश्तेदारी जा रहे थे। जैसे ही रेलवे क्रॉसिंग खुली, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। रविवार को जब पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे गए तो माहौल गम से गुस्से में बदल गया। परिजनों का आरोप है कि मृतक महिलाओं के शरीर से सोने-चांदी के आभूषण गायब थे। उनका कहना है कि महिलाओं के पास झुमकी, मंगलसूत्र और सोने की चेन जैसे आभूषण मौजूद थे लेकिन शव मिलने पर ये नहीं पाए गए। एक महिला के पैरों में केवल पायल ही बची मिली। शहर कोतवाल सुधीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर आभूषण कहां और कैसे गायब हुए। घटनास्थल से लेकर पोस्टमार्टम हाउस तक जांच हो रही है।