भदैंया (सुल्तानपुर)। गोमती नदी के तराई इलाके के सराय अचल गांव में बृहस्पतिवार भोर सियार देखा गया। बकरियों के चिल्लाने पर ग्रामीण जाग गए और लाठी लेकर दौड़ा लिया। सियार के दिखने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वहीं, ग्रामीणों की सूचना के बाद भी वन विभाग की टीम नहीं पहुंची।
लंभुआ में चार लोगों को सियार के काटने से ग्रामीणों में दहशत बनी है। बृहस्पतिवार की भोर में सियार गोमती नदी किनारे सराय अचल की दलित बस्ती में गा॔व किनारे मिट्ठू लाल के घर पहुंच गया। सियार को देखते ही बकरियां चिल्लाने लगी। बकरियों की आवाज सुनते ही मिट्ठू लाल की नींद टूट गई। किसी अनहोनी की आशंका के चलते वह लाठी लेकर बाहर आ गए। सियार के हमला करने से पहले ही मिट्ठू ने आवाज लगाते हुए लाठी लेकर सियार को दौड़ा लिया। अन्य ग्रामीणों को आते देख सियार भाग गया।
ग्रामीणों ने सूचना वन क्षेत्राधिकारी लंभुआ अतुल सिंह को फोन पर दी तो उन्होंने कहा कि इस तरह की कोई सूचना नहीं मिली है। शुक्रवार को टीम भेजकर मामले की जांच करवाई जाएगी। डीएफओ अमित सिंह ने कहा कि सियार के काटने की सूचना नहीं है। हालांकि, ग्रामीणों को शाम के समय घर से अकेले नहीं निकलने के बारे में जागरूक किया जा रहा है।