बाराबंकी। शहर के रेलवे स्टेशन पर बढ़ रहीं हाईटेक सुविधाओं का सीधा लाभ अब यात्रियों को मिल सकेगा। यहां सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगने के साथ ही यात्रियों की सुविधाओं के लिए वाई-फाई की व्यवस्था भी की गई है। इसके साथ ही नई बेंच व पानी का भी उचित प्रबंध किया गया है।
प्रदेश की राजधानी लखनऊ से बिहार व पश्चिम बंगाल आदि के लिए बाराबंकी से होते हुए ही ट्रेनों का संचालन किया जाता है। अब अयोध्या में श्रीराम मंदिर के भव्य निर्माण के चलते वहां भारी तादात में भक्तों की भीड़ पहुंच रही है। ऐसे में ट्रेन से सफर करने वाले लोग बाराबंकी होते हुए ही निकलते हैं। इसे देखते हुए बाराबंकी रेलवे स्टेशन पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास रेलवे के द्वारा किया जा रहा है।
स्टेशन पर मुख्य गेट से लेकर सभी प्लेटफॉर्मों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। यात्रियों को यह पता लगे कि कौन सी ट्रेन किस प्लेटफॉर्म पर आएगी और कौन कोच कहां पर लगेगा, इसके लिए भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लगाए गए हैं। यात्रियों के बैठने के लिए बेहतर सीट लगाई गई हैं। पहले जहां रेलवे स्टेशन पर मूलभूत सुविधाओं का टोटा रहता था, वहीं अब यहां सुविधाएं लगातार बढ़ रही हैं।
स्टेशन से प्रतिदिन करीब सवा सौ यात्री ट्रेनों के अलावा मालगाड़ी भी निकलती है। इससे यहां हर समय यात्रियों की भीड़ लगी रहती है। ऐसे में सुविधाएं बढ़ने से बेहतर रेल सफर के लिए यात्रियों की भी आमद बढ़ रही है। स्टेशन पर साफ-सफाई के भी उचित इंतजाम रहते हैं जिससे यहां गंदगी से भी राहत मिली है।
स्टेशन अधीक्षक वीके शुक्ला ने बताया किरेलवे स्टेशन पर साफ-सफाई के साथ अन्य सभी बेहतर प्रबंध किए गए हैं। यात्रियों को कोई असुविधा न होने पाए, इसके लिए निरंतर प्रयास किया जाता है।