बेनी वर्मा का बाराबंकी आगमन पर भव्य स्वागत
- फोटो : अमर उजाला
समाजवादी पार्टी में वापस आने के बाद जिले में आगमन पर शनिवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा का भव्य स्वागत किया गया। ढोल नगाड़ों के बीच कार्यकर्ताओं ने बेनी बाबू को फूल मालाओं से लाद दिया। आसमान में हो रही आतिशबाजी से पूरा शहर गूंज उठा। बाबू जी से मिलने के लिए सपा के ज्यादातर विधायक व मंत्रियों का उनके घर आना जाना लगा रहा।
शहर के कंपनीबाग स्थित अपने आवास पर पहुंचे बेनी बाबू ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा क सत्ता में रहने के लिए ही राजनीति की जाती है। बाबू जी ने कहा राजनीति में हमेशा मौके की तलाश रहनी चाहिए और अच्छे मौके को कभी गवांना नहीं चाहिए।
बेनी बाबू ने जिले के विकास के सवाल पर कहा कि अभी तो हम पार्टी में आए है जब सरकार में आएंगे तो विकास का काम भी होगा। बाबू जी ने सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव को अपना बड़ा भाई बताते हुए कहा कि नेताजी ने मुझे हमेशा से बहुत सम्मान दिया है।
बेनी बाबू का स्वागत करने वालों में प्रदेश सरकार के मंत्री फरीद महफूज किदवई, सदर विधायक सुरेश यादव, रामगोपाल रावत, राममगन रावत, सपा जिलाध्यक्ष डॉ. कुलदीप सिंह, पूर्व एमएलसी अरविंद यादव, लखनऊ विश्वविद्यालय के छात्र नेता आशीष सिंह आर्यन समेत सैकड़ोें लोग उपस्थित रहे।