हैदरगढ़ (बाराबंकी)। डिप्टी सीएम बृजेेश पाठक द्वारा किए गए हैदरगढ़ सीएचसी के निरीक्षण के बाद शुक्रवार को सीएमओ ने भी अस्पताल पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सीएमओ को भी ऑपरेशन थियेटर बदहाल मिला। इस पर नाराजगी जताते हुए मौके पर मौजूद सीएचसी अधीक्षक मुकुंद पटेल को जमकर फटकार लगाते हुए कहा कि यदि तीन दिन के अंदर सुधार नहीं दिखा तो इसका खामियाजा भुगतने को तैयार रहें।
डिप्टी सीएम के निरीक्षण के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। विभागीय की साख को जो बट्टा चिकित्सकों की लापरवाही से लगा है उसे धोने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। डिप्टी सीएम के निरीक्षण के बाद सीएचसी पहुंचे सीएमओ को भी ऑपरेशन थियेटर बदहाल मिला। उससे तत्काल कार्य लगाकर सुधार कराने तथा परिसर की साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए गए।
सीएचसी पर आने वाले मरीजों को दवाएं किसी भी हाल में बाहर से न लिखी जाएं, इसके निर्देश मौके पर मौजूद चिकित्सकों को दिए गए और फार्मासिस्ट को सभी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराने को कहा गया। अस्पताल में आने वाले मरीजों के बैठने और पेयजल व्यवस्था के बेहतर इंतजाम करने के निर्देश सीएचसी अधीक्षक को दिए गए।
सीएमओ डॉ. रामजी वर्मा ने बताया कि सीएचसी का निरीक्षण किया गया है जो खामियां मिली हैं उन्हें तीन दिन के अंदर दूर करने के आदेश सीएचसी अधीक्षक को दि गए हैं यदि इसके बाद भी लापरवाही मिली तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी।