बाराबंकी। जिला अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। नामित कंपनी के अधिकारियों ने मंगलवार को जिला अस्पताल पहुंच मशीनों को लगाने का कार्य शुरू कर दिया है। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद अधिकारी हरकत में आए और प्लांट लगाए जाने का कार्य तेज कर दिया गया है। उम्मीद जताई जा रही है कि प्लांट एक सप्ताह के अंदर लगकर तैयार हो जाएगा।
‘तीसरी लहर से निपटने को तैयार नहीं अस्पताल’ शीर्षक से मंगलवार को अमर उजाला ने प्रमुखता से खबर का प्रकाशन किया था। इसके बाद अधिकारी हरकत में आ गए। प्लांट लगाने के लिए नामित कंपनी पाथ के अधिकारियों से संपर्क किया गया। अधिकारियों ने जिला अस्पताल पहुंच मशीनें लगाने का कार्य शुरू करा दिया है।
सीएमएस डॉ. बीके सिंह ने मौके पर पहुंच निरीक्षण किया और कार्य कर रही संस्था को आवश्यक निर्देश दिए। प्लांट लगाने का कार्य करने वाले अधिकारियों ने सीएमएस को आश्वस्त किया है कि एक सप्ताह के अंदर प्लांट लगकर तैयार हो जाएगा। इसका पूरा प्रयास किया जा रहा है। सीएमएस ने बताया कि जिला अस्पताल में ऑपरेशन थियेटर के पास खाली पड़ी जमीन पर सीएसआर मद से ऑक्सीजन प्लांट लगाने का कार्य नामित संस्था ने शुरू कर दिया है। उम्मीद है कि बहुत जल्द प्लांट लगकर तैयार हो जाएगा।