जैदपुर (बाराबंकी) जिले के नोडल अधिकारी व प्रमुख सचिव शहरी आवास दीपक कुमार सोमवार को जैदपुर कस्बा सहित हरख ब्लॉक क्षेत्र के स्कूल के साथ मदरसा में चल रहे टीकाकरण का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान टीका लगाने के लिए बिना मास्क के खड़े लोग दिखने पर उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को फटकार भी लगाई।
प्रमुख सचिव सबसे पहले जैदपुर कस्बे में ब्रहम्नान में स्थित मदरसा आरफिया में चल रहे कोरोना वैक्सीन सेंटर अचानक पहुंच गए। जहां पर बगैर मास्क के वैक्सीन लगाने के लिए लगी लंबी लाइन को देखकर दंग रह गए। उन्होंने टीकाकरण करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों को फटकार लगाई और मौजूद लोगों से मास्क लगाकर दो गज की दूरी बनाने की हिदायत दी।
उसके बाद नगर पंचायत के मोहल्ला मोलवीकटरा में चल रहे इंटरलॉकिंग निर्माण कार्य को भी देखा। इस दौरान नगर पंचायत कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। क्योंकि काफी लंबे अर्से बाद कोई बड़े कद का अधिकारी नगर पंचायत जैदपुर की जमीनी हकीकत से रूबरू होने के लिए आया था।
इसके बाद नोडल अधिकारी हरख ब्लॉक की ग्राम पंचायत सोहिलपुर में स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय पहुंचे। जहां पर पंजीकृत 80 में से आधे भी नहीं मिले। जिस पर नोडल अधिकारी ने अध्यापकों से पूछताछ भी की और उपस्थित बच्चों की हाजिरी लेकर उनकी पढ़ाई की गुणवत्ता को परखा। प्रमुख सचिव के साथ निरीक्षण में सीडीओ एकता सिंह सहित अन्य विभाग के अधिकारी मौजूद थे।