लखनऊ-फैजाबाद हाईवे पर धरौली गांव के निकट शनिवार की देर रात हुए सड़क हादसे में मां-बेटी समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के शिकार चार लोग बस्ती व एक आजमगढ़ के रहने वाले हैं। घायलों को सीएचसी बनीकोडर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र के धरौली गांव के पास फैजाबाद से लखनऊ की तरफ जा रही कार के सामने अचानक एक सांड़ आ गया। जिसे बचाने के चक्कर में कार असंतुलित होकर डिवाइडर पर चढ़कर कर रांग साइड चली गई। इसी दौरान सामने से आ रही इनोवा से भिड़ गई।
हादसे में कार सवार बस्ती जिले के कोटवा महुवा ढाबा निवासी पंकज पांडेय, पुष्पा व उसकी बेटी वसुधा, धनीराम व आजमगढ़ जिले के फूलपुर निवासी आकाश गुप्ता घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस के लिए फोन किया, मगर एंबुलेंस नही पहुंची। ग्रामीणों ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में फंस लोगों को बाहर निकालकर सीएचसी पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।