बाराबंकी। पछुआ हवा के बीच बिजली के तारों की टकराहट किसानों पर भारी पड़ रही है। जर्जर और ढीले तारों से निकलने वाली चिंगारी पलभर में किसानों के अरमानों पर पानी फेर दे रही है लेकिन इस समस्या का समाधान निकालने की दिशा में कोई प्रयास नहीं नहीं आ रहा है। कुर्सी क्षेत्र के मदारपुर निवासी रामू शर्मा के खेत के ऊपर से एचटी लाइन निकली है। शनिवार दोपहर तेज हवा के कारण बिजली के तार आपस में टकराने लगे और उससे निकली चिंगारी से गेहूं के फसल में आग लग गई।
आबादी के पास आग लगते ही अफरातफरी मच गई। जो जहां था वहीं से आग बुझाने के लिए निकल पड़ा। घंटों बाद आग पर काबू पाया जा सका। तब तक करीब दो बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। पीड़ित रामू शर्मा ने बताया कि कई बार जर्जर तार को ठीक करने के लिए अधिकारियों से कहा गया लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।
उधर, लोनीकटरा थाना क्षेत्र के दयाराम पुरवा गांव में भी शनिवार को खेत के ऊपर से गुजरे बिजली के तारों से निकली चिंगारी से आग लग गई। इससे जगजीवन व रामचंदर के खेत में करीब पांच बिस्वा गेहूं की खड़ी फसल जल गई। ग्रामीणों ने संयुक्त प्रयास कर आग को बुझा लिया।
उधर, असंद्रा थाना के छोटी मिर्चिया गांव में संतराम के घर पर अचानक आग लग गई। घर का छप्पर व नीचे रखी साइकिल, अनाज, कपड़ा व अन्य सामान जल गया। वहां बंधी बकरी भी आग की लपटों से झुलस गई। सूचना पर पहुंचे अग्निशमन दस्ते ने आग को बुझाया।