देवा। 27 अक्तूबर से पांच नवंबर तक आयोजित होने वाले देवा मेला में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी। इस दाैरान संगीत, कव्वाली, भजन संध्या, मुशायरा और कवि सम्मेलन जैसे कई रंगारंग कार्यक्रम आयोजित होंगे। मेले की शाम नामचीन मुंबईया कलाकारों की प्रस्तुतियों से गुलजार होंगी।
देवा मेला एवं प्रदर्शनी समिति ने कार्यक्रमों की घोषणा की है। मेले का उद्घाटन 27 अक्तूबर को जिलाधिकारी की पत्नी रिया केजरीवाल करेंगी। इसके बाद परिसर के प्रेक्षागृह में सांस्कृतिक कार्यक्रम और बिरहा की प्रस्तुति होगी।
28 अक्तूबर को इंडियन आइडल फेम मो. दानिश सुगम संगीत और म्यूजिकल नाइट पेश करेंगे। 29 अक्तूबर को मेला समिति चादर समर्पण कार्यक्रम और स्थानीय कव्वाली आयोजित करेंगी। रात में सीरतुन्नबी की महफिल सजेगी।
30 अक्तूबर को भजन संध्या और मानस कार्यक्रम होगा। 31 अक्तूबर को स्वर झंकार कार्यक्रम के साथ गजल नाइट विथ अविनाश मिश्रा की प्रस्तुति होगी। सूफी ख्याल बैंड भी अपनी कला का प्रदर्शन करेगा।
एक नवंबर को रंग-ए झूम और सूफी नाइट विथ कफील कैफे बैंड का आयोजन होगा। दो नवंबर को नृत्य स्पंदन कार्यक्रम के साथ मुशायरे में शायर अपने कलाम पेश करेंगे। तीन नवंबर को धरोहर और गूंज कार्यक्रम के बाद कवि सम्मेलन होगा।
मेले का प्रमुख आकर्षण चार नवंबर को होने वाली मेगा नाइट है। इसमें गायक जावेद अली अपनी सुरीली आवाज का जादू बिखेरेंगे। चार नवंबर को ही परिधान-ए अवध फैशन शो और विभिन्न प्रतियोगिताओं के फाइनल होंगे। पांच नवंबर को समापन समारोह के साथ स्मारिका का विमोचन किया जाएगा।
प्रशस्ति पत्र वितरण भी इसी दिन होगा। मेले का समापन पर्यावरण-अनुकूल आतिशबाजी के साथ होगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अलावा बच्चों के कार्यक्रम, रंगोली, निबंध, मेहंदी, दंगल, वॉलीबॉल, खो-खो, बैडमिंटन और क्रिकेट प्रतियोगिताएं भी होंगी।