बाराबंकी। जिले के दो नगर पंचायतों में 74 लाख 82 हजार रुपये की लागत से सौर ऊर्जा आधारित हाईमास्ट और स्ट्रीट लाइटें लगने जा रही हैं। टिकैतनगर कस्बे में जहां जारी हुए 58 लाख 44 हजार रुपये की लागत से 137 स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। वहीं एक सरकारी भवन की छत पर 30 किलोवॉट का सौर ऊर्जा प्लांट भी लगेगा। इस कार्य की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था नेडा को मिली है। इसी तरह दरियाबाद कस्बे में भी सौर ऊर्जा आधारित 18 सोलर हाईमास्ट लाइटें लगाने की तैयारी की गई है। इसका बजट जल्द ही संस्था को मिलने जा रहा है।
इन दोनों नगर पंचायतों के कस्बेवासियों को अब रात में एक अलग नजारा देखने को मिलेगा। बिजली कटौती के साथ किसी प्रकार की खराबी आदि होने से कस्बा अंधकारमय नहीं होगा। इसके लिए टिकैतनगर कस्बे में 58 लाख 44 हजार रुपये की लागत से 137 सौर ऊर्जा आधारित लाइटें लगने जा रही हैं। नगर पंचायत द्वारा चयनित किए गए स्थानों पर इसे लगाया जाएगा। इसके साथ ही नगर पंचायत भवन की छत पर 30 किलोवॉट का एक प्लांट भी लगाया जा रहा है। इससे यह लाइटें रात में कस्बे को रोशन करने में सहायक होंगी।
इसी तरह दरियाबाद कस्बे में 16 लाख 38 हजार रुपये की लागत से 18 सोलर हाईमास्ट लाइटें लगाई जाएंगी। यह लाइटें भी सौर ऊर्जा पर आधारित होगी। बिजली न होने की दशा मेें भी यह कस्बे के प्रमुख चौराहों और मार्गों को जगमगाती रहेंगी। एक हाईमास्ट पर करीब 91 हजार रुपये खर्च होंगे। नेडा के परियोजना अधिकारी टीकाराम ने बताया कि टिकैतनगर कस्बे में सौर ऊर्जा की स्ट्रीट लाइटें लगाने के लिए बजट मिल गया है। जल्द ही यहां पर काम शुरू हो जाएगा। टिकैतनगर में सोलर हाईमास्ट लाइटों के लिए भी बजट मिलने की उम्मीद है। कागजी कार्यवाही पूरी कर ली गई है।