दरियाबाद (बाराबंकी)। विधानसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही जिले में आदर्श आचार संहिता भी लागू कर दी गई है। लेकिन राजनीतिक दलों के प्रत्याशी इसका अनुपालन नहीं कर रहे हैं। शनिवार को भाजपा और सपा के उम्मीदवारों ने कोविड नियमों को दरकिनार करते हुए समर्थकों की भारी भीड़ जुटाई। जिसमें आचार संहिता की जमकर धज्जियां उड़ाई गईं। सूचना पर एसओ के साथ पहुंचे एसडीएम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कहा कि जांच रिपोर्ट के आधार पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
भाजपा प्रत्याशी सतीश चंद्र शर्मा का काफिला शनिवार को करीब 11 बजे रेलवे स्टेशन दरियाबाद, मुरारपुर, मथुरानगर होते हुए दरियाबाद मुख्य चौराहे पर पहुंचा। जहां पहले से मौजूद भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने बीच चौराहे पर मार्ग जाम कर भाजपा प्रत्याशी का फूल मालाओं से जोरदार स्वागत किया।
इस बीच जय श्रीराम के नारे लगे और ढोल की धुन पर लोग झूमते नजर आए। काफिले में चल रही गाड़ियों ने पूरे मार्ग पर जाम की स्थिति उत्पन्न कर दी। जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कोविड नियमों का पालन करना तो दूर आचार संहिता की जमकर धज्जियां उड़ाईं।
उधर, सपा प्रत्याशी और पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप का काफिला दोपहर करीब 3 बजे दरियाबाद बाजार होते हुए चौधरियान मोहल्ले पहुंचा। वहां पहले से मौजूद समर्थकों की भीड़ ने फूलमाला पहनाकर उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान कोविड नियमों को दरकिनार करते हुए यहां भी आचार संहिता की जमकर धज्जियां उड़ाई गईं।
वहीं काफिले में चल रहीं कई गाड़ियों से मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया। इस जाम में दरियाबाद से टिकैतनगर जा रही एक एंबुलेंस भी फंस गई। सूचना मिलते ही एसओ दुर्गा प्रसाद शुक्ला के साथ ही एसडीएम भी मौके पर पहुंच गए। एसडीएम के निर्देश पर काफिले में चल रहे सभी वाहनों की वीडियोग्राफी करवाई गई और पुलिस ने वाहनों को किनारे कर आवागमन सुचारु कराया।
दोनों के साथ दिखे कई नेता
दरियाबाद के कई नेता पसोपेश में हैं। उनकी गणित कहीं सेट नहीं बैठ रही है। भाजपा के कार्यक्रम में भी वो बढ़ चढ़कर आगे रहे। जैसे ही जानकारी मिली सपा प्रत्याशी भी आ रहे हैं उन्हीं नेताओं का हुजूम उनके स्वागत में भी पहुंच गया।
भाजपा और सपा उम्मीदवारों के स्वागत में काफी संख्या में समर्थकों के जुटने पर एसओ के साथ जांच करने मौके पर गया था। जांच में कोविड नियमों और आचार संहिता उल्लंघन का मामला पाए जाने पर दोनों के खिलाफ केस दर्ज करा दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। -विजय कुमार त्रिवेदी, एसडीएम रामसनेहीघाट