बाराबंकी। हैदरगढ़ और रामसनेहीघाट क्षेत्र में हुए हादसों में बुजुर्ग और महिला की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।
रामसनेहीघाट कोतवाली के मीरपुर मजरे गाजीपुर निवासी रामनाथ रावत (70) रविवार शाम बाजार से घरेलू सामान लेकर साइकिल से घर लौट रहे थे। कोटवासड़क-कोटवाधाम मार्ग पर इनकी साइकिल पीछे से आई तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी तेज थी कि रामनाथ सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। कार सहित चालक भाग चुका था। घायल रामनाथ को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
उधर, हैदरगढ़ क्षेत्र के गौतवन पुरवा निवासी नूर आलम की पत्नी नसरूल निशा पति के दोस्त अबरार राजा के साथ बाइक से बाजार से घर लौट रही थीं। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के दाउदपुर अंडरपास से रौनी गांव जाने वाले मार्ग पर तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में नसरूल निशा और अबरार राजा दोनों घायल हो गए। एंबुलेंस से दोनों को सीएचसी हैदरगढ़ ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने नसरूल निशा को मृत घोषित कर दिया। एसएचओ अनिल पांडेय ने बताया कि दुर्घटना करने वाली कार को कब्जे में ले लिया गया है। प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।